Railway News: रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव 16 नवंबर को दिखाएंगे ‘कानपुर एक्सप्रेस’ को हरी झंडी

सांसद रमेश अवस्थी के प्रयासों से कानपुर को मिली नई ट्रेन की सौगात; दिल्ली से वर्चुअली करेंगे उद्घाटन, व्यापारियों और छात्र-छात्राओं को मिलेगी बड़ी राहत

 | 
Kanpur

कानपुर। कानपुर से दिल्ली के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होने जा रही है। लंबे समय से प्रतीक्षित ‘कानपुर एक्सप्रेस’ का शुभारंभ सोमवार, 16 नवंबर को होगा। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। पहले रेल मंत्री के कानपुर पहुंचकर उद्घाटन करने का कार्यक्रम प्रस्तावित था, लेकिन कार्यक्रम में बदलाव के बाद अब उद्घाटन दिल्ली से ही होगा।

 


प्रेस दिवस के कार्यक्रम के चलते बदला उद्घाटन समारोह
कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने बताया कि 16 नवंबर को प्रेस दिवस के अवसर पर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इसी वजह से रेल मंत्री का कानपुर आने का कार्यक्रम परिवर्तित किया गया है। अब वह दिल्ली से ही वर्चुअली ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर दोपहर 12:30 बजे उद्घाटन समारोह आयोजित होगा। रेलवे प्रशासन ने समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं।

 


सांसद रमेश अवस्थी के प्रयासों से पूरी हुई लंबे समय की मांग
सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर से दिल्ली के लिए शहर के नाम से सीधी ट्रेन शुरू करने की मांग लंबे समय से उठाई जा रही थी। इस मांग को पूरा कराने के लिए लगातार प्रयास किए गए, जिसके परिणामस्वरूप रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कानपुर को यह सौगात दी है। नई ट्रेन से विशेष रूप से व्यापारियों, छात्र-छात्राओं और नियमित रूप से दिल्ली आने-जाने वाले यात्रियों को सुविधा मिलेगी। ट्रेन का दोनों दिशाओं में आठ प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव निर्धारित किया गया है।


उद्घाटन के अगले दिन से शुरू होगा नियमित संचालन
उद्घाटन के बाद ट्रेन का नियमित संचालन निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार शुरू हो जाएगा। इससे कानपुर के साथ आसपास के जिलों के यात्रियों को भी दिल्ली तक आवागमन का एक सुविधाजनक विकल्प मिलेगा।


यह रहेगा कानपुर एक्सप्रेस का समय

  • नई ट्रेन प्रतिदिन संचालित होगी। इसका नंबर 14153 होगा। कानपुर सेंट्रल से यह ट्रेन रात 8:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 4:50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
  • वापसी में ट्रेन नंबर 14154 आनंद विहार टर्मिनल से रात 11:25 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 7:25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी।


इन 8 स्टेशनों पर होगा ठहराव
कानपुर और दिल्ली के बीच यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन को आठ स्टेशनों पर ठहराव दिया गया है। इनमें फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद शामिल हैं।


LHB कोच से लैस होगी ट्रेन
कानपुर एक्सप्रेस आधुनिक एलएचबी (LHB) कोच से लैस होगी। इसमें जनरल, स्लीपर, थर्ड एसी, सेकंड एसी और फर्स्ट एसी श्रेणी के कोच उपलब्ध रहेंगे। इससे यात्रियों को अपनी सुविधा और बजट के अनुरूप यात्रा का विकल्प मिलेगा। आधुनिक कोच और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ यह ट्रेन कानपुर और दिल्ली के बीच यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण रेल सेवा साबित होगी।