Railway News: विंध्य और बुंदेलखंड को रेलवे की बड़ी सौगात: सतना–देवेंद्रनगर और रीवा–चुरहट नई रेल लाइनें देश को समर्पित

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और सीएम डॉ. मोहन यादव ने दिखाई हरी झंडी; सीधी जिला भी अब मुख्य रेल नेटवर्क से जुड़ा

 | 
Prayagraj

प्रयागराज। मध्य प्रदेश के विंध्य क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार की दिशा में शनिवार को एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल हुई। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मौजूदगी में सतना-देवेंद्रनगर (53 किमी) एवं रीवा-चुरहट (65 किमी) नई रेल लाइनों का उद्घाटन किया गया। इस दौरान देवेंद्रनगर-चुरहट नई यात्री रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। केंद्रीय रेल मंत्री वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए।


चुरहट रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा, सीधी सांसद राजेश मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। वहीं नागौद रेलवे स्टेशन पर राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, सतना सांसद गणेश सिंह और खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।


रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्रों में एक नई जीवनरेखा स्थापित की जा रही है। यह परियोजना क्षेत्र के लोगों के लिए शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता को बेहतर बनाएगी। उन्होंने देशभर में श्रीनगर, मिजोरम, पंबन ब्रिज, छत्तीसगढ़ के रावघाट और मध्य प्रदेश के टांडा रोड को रेल नेटवर्क से जोड़ने का उल्लेख किया।


ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना के अंतर्गत देवेंद्रनगर-सतना और रीवा-चुरहट रेलखंडों पर परिचालन शुरू होने से विंध्य और बुंदेलखंड की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। रेल मंत्री ने बताया कि मध्य प्रदेश में लगभग 1 लाख करोड़ की रेलवे परियोजनाओं पर कार्य चल रहा है। परियोजनाओं के पूर्ण होने पर राज्य में 100 से अधिक लंबी दूरी की ट्रेनें और 50 से 60 मेमू/इंटरसिटी ट्रेनें शुरू हो सकेंगी। खजुराहो स्टेशन सहित राज्य के लगभग 80 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।


पर्यावरण संरक्षण पर जोर देते हुए रेल मंत्री ने अन्ना क्षेत्र में काटे गए पेड़ों से अधिक पौधे लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने महाप्रबंधक, मंडल रेल प्रबंधक और जिलाधिकारी को स्थल पर जाकर पौधरोपण का निरीक्षण करने के आदेश दिए।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि नई रेल कनेक्टिविटी बुंदेलखंड और विंध्य के उन क्षेत्रों के लिए एक नई शुरुआत है जो अब तक रेल संपर्क से वंचित थे। उन्होंने इसे क्षेत्रवासियों के लिए दिवाली का उपहार बताया। 541 किलोमीटर लंबी ललितपुर-सिंगरौली रेलवे परियोजना से ललितपुर, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, सीधी और सिंगरौली को सीधा लाभ मिलेगा।


रीवा-चुरहट रेल लाइन से सीधी को सौगात
रीवा से चुरहट तक लगभग 65 किलोमीटर लंबी नई रेल लाइन का निर्माण 1,070 करोड़ की लागत से किया गया है। रामपुर नैकिन से चुरहट तक 22.5 किलोमीटर रेल लाइन का कार्य पूरा होने के साथ ही सीधी जिला देश के रेल नेटवर्क से जुड़ गया है। इससे चूना पत्थर खनिजों और सीमेंट उद्योग के माल परिवहन को गति मिलेगी।


सतना-देवेंद्रनगर रेलखंड से बढ़ेगा व्यापार
सतना से देवेंद्रनगर तक 53 किलोमीटर लंबी रेल लाइन 873 करोड़ की लागत से बनकर तैयार हुई है। फुलवारी से देवेंद्रनगर के बीच अंतिम 8 किलोमीटर का कार्य पूरा होने के बाद परिचालन शुरू हुआ है। इससे सीमेंट, क्लिंकर एवं अन्य माल के परिवहन में आसानी होगी तथा किसानों व व्यापारियों को बड़े बाजारों तक पहुँच मिलेगी।


विद्यार्थियों, मरीजों और पर्यटकों को राहत
देवेंद्रनगर-चुरहट नई यात्री रेल सेवा से स्थानीय विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों और मरीजों को दैनिक आवागमन में भारी सुविधा होगी। साथ ही पन्ना, खजुराहो, सफेद बाघ सफारी (मुकुंदपुर), चचाई व बहुती जलप्रपात जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुँच आसान होगी, जिससे स्थानीय होटल व छोटे व्यवसायों को प्रोत्साहन मिलेगा।