Karnataka Election 2023: कर्नाटक विधानसभा चुनाव के अलावा आज पंजाब, उत्तर प्रदेश ओडिशा, मेघालय में उपचुनाव के लिए हो रही Voting
एक लोकसभा के साथ 4 विधानसभा सीटों के लिए हो रहे हैं उपचुनाव

आज यानी 10 मई को कर्नाटक विधानसभा चुनाव में वोटिंग सुबह 7 बजे से जारी है। यहां 224 सीटों से 2614 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं। कर्नाटक के सभी जिलों में पोलिंग स्टेशन पर सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपना वोट डालने पहुंच रहे हैं। दोपहर 3 बजे तक 52.7 % वोट पड़ चुके हैं लेकिन कर्नाटक के अलावा अन्य कई राज्यों में भी आज उपचुनाव के लिए वोटिंग चल रही है आइए जानते हैं कि वह कौन सी सीटें हैं और वह क्यों खाली हुई थी?
पंजाब की एक लोकसभा सीट के लिए मतदान के साथ आज उत्तर प्रदेश, ओडिशा और मेघालय की चार विधानसभा सीटों के लिए मतदान हो रहा है. उत्तर प्रदेश की स्वार और छानबे, ओडिशा की झारसुगुड़ा और मेघालय की सोहियोंग विधानसभा सीटों पर मतदान जारी है. वहीं, पंजाब की जालंधर लोकसभा सीट पर भी सुबह 8 बजे मतदान शुरू हो गया।
स्वार सीट सपा के वरिष्ठ नेता आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम खां को एक मामले में सजा सुनाए जाने के बाद उनकी विधानसभा सदस्यता रद्द होने के चलते रिक्त हुई है. छानबे सीट भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल (सोनेलाल) के विधायक राहुल कोल के निधन की वजह से खाली हुई है।
जालंधर सीट कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन के बाद खाली हुई थी। इस साल जनवरी में जालंधर के फिल्लौर में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान उन्हें दिल का दौरा पड़ा था।
इस सीट पर आप, भाजपा, कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल के साथ चतुष्कोणीय मुकाबला होने की उम्मीद है, जो दलितों के गढ़ में एक-दूसरे से आगे निकलने की होड़ में हैं. इस सीट पर मैदान में उतरने वालों में कांग्रेस की करमजीत कौर( संतोख चौधरी की पत्नी), पूर्व विधायक सुशील रिंकू, जिन्होंने भाजपा में शामिल होने के लिए कांग्रेस छोड़ दी, और दलित सिख इंदर इकबाल सिंह अटवाल, जिन्होंने शिरोमणि अकाली दल छोड़, बीजेपी का दामन थाम लिया था।