दुनिया की सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बना भारत, UN की रिपोर्ट में हुआ खुलासा

चीन को पीछे छोड़ते हुए अब भारत दुनिया में अब सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बन गया है। दरअसल यूनाइटेड नेशंस पॉपुलेशन फंड की जारी रिपोर्ट इस बात की पुष्टि करती है। रिपोर्ट की मानें तो अब भारत में चीन के मुकाबले करीब 30 लाख ज्यादा लोग हैं। आंकड़ों पर गौर करने पर पता चलता है कि भारत में वर्तमान में जनसंख्या 142 करोड़ 86 लाख हो चुकी है। जबकि अभी चीन की कुल जनसंख्या 142 करोड़ 57 लाख ही है।
पहले ही लग रहे थे अनुमान
तेजी से बढ़ती देश की जनसंख्या को देखते हुए पहले से ही विशेषज्ञों द्वारा यह अनुमान लगाया जा रहा था कि आने वाले सालों में भारत दुनिया का सबसे ज्यादा आबादी वाला देश बन जाएगा। वहीं इस साल की शुरूआत में ही ग्लोबल एक्सपर्ट्स ने तो यहां तक अनुमान लगाया था कि 2023 में ही भारत सबसे जनसंख्या वाला देश बन जाएगा। वहीं अब यूएनपीएफ के नए आंकड़ों ने इस बात की पुष्टि कर दी है। एक साल में भारत की जनसंख्या 1.56 फीसदी बढ़ी है।
हमारी ज्यादातर आबादी युवा
इसके साथ ही अब दुनिया की कुल आबादी 8 अरब हो चुकी है। मोटे तौर पर यह माना जा सकता है कि दुनिया का हर पांचवां व्यक्ति भारतीय है। एक खास बात यह है कि भारत की आबादी का एक बड़ा हिस्सा युवा है भारत की 68 प्रतिशत जनसंख्या युवा है जिनकी उम्र 15 से 64 साल के बीच है जबकि चीन में २० करोड़ से अधिक आबादी 65 पार है। यूएनपीएफए के भारत के प्रतिनिधि ने कहा कि भारत की 1.4 अरब की जनसंख्या को हम 1.4 अरब मौकों की तरह देख रहे हैं। आज भारत हर क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य कर रहा है।