Female Prisoner Pregnant: जेलों में गर्भवती हो रहीं महिला कैदी; अब तक 196 बच्चों का जन्म, अदालत भी हैरान

एमिकस क्यूरी बोले- वार्डों में पुरुषों के प्रवेश पर लगाएं रोक

 | 
female prisoner

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की जेलों में महिला कैदी गर्भवती हो रही है। विभिन्न जेलों में अब तक वे 196 बच्चों को जन्म दे चुकी हैं। पश्चिम हैं। बंगाल के सभी सुधार गृहों के न्याय मित्र (एमिकस क्यूरी) ने कलकत्ता हाईकोर्ट को सौंपी रिपोर्ट में यह खुलासा किया है। एमिकस क्यूरी ने चीफ जस्टिस की अगुवाई वाली खंडपीठ से गुजारिश की कि सुधार गृहों में तैनात पुरुष कर्मचारियों का महिला कैदियों के वार्डों में प्रवेश प्रतिबंधित होना चाहिए। उन्होंने कहा, हाल ही मैंने सुधार गृहों के महानिरीक्षक (विशेष) व जिला कानूनी सेवा प्राधिकरण के सचिव के साथ एक महिला सुधार गृह का दौरा किया। 

अदालत भी हैरान 
खंडपीठ ने कहा, हैरानी की बात है कि जेल में महिला कैदी गर्भवती हो रही हैं व 196 बच्चे जेलों में रह रहे हैं। मुख्य न्यायाधीश शिवगनामन ने इस मामले में एक आदेश पारित किया और कहा,  हमारे संज्ञान में लाया गया यह मुद्दा बहुत गंभीर है। हम इन सभी मामलों को आपराधिक मामलों की सुनवाई करने वाली पीठ को स्थानांतरित (ट्रांसफर) करना उचित समझते हैं।

 पश्चिम बंगाल में सुधार सेवाओं से जुड़े एक आइपीएस अधिकारी ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है कि जेलों में महिलाएं गर्भवती हो रहीं हैं। यह संज्ञान में आता है तो इस पर गौर करेंगे। नियमानुसार 6 साल से कम उम्र के बच्चों को महिला सजा के दौरान अपने साथ रख सकती है। 

10 प्रतिशत  महिला कैदी
पश्चिम बंगाल की 60 जेलों में एक जनवरी, 2024 तक करीब 26,000 कैदी रह रहे थे। इनमें से करीब 10 फीसदी महिलाएं हैं। जनवरी तक राज्य की जेलों में कम से कम 1,265 विचाराधीन महिला कैदी और 448 दोषी बंद थीं। करीब 174 महिला कैदी उम्रकैद की सजा काट रही हैं।