दिवंगत मुलायम सिंह यादव को आज मिलेगा पद्म विभूषण, अखिलेश यादव ग्रहण करेंगे सम्मान

 गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर हुई थी इस सम्मान की घोषणा

 | 
mulayam

देश के कद्दावर नेता व समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव को आज यानी बुधवार को मरणोपरांत भारत का दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान पद्मविभूषण दिया जाएगा। यह सम्मान उनके पुत्र व उत्तरप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु से ग्रहण करेंगे। इस सम्मान की घोषणा गणतंत्र दिवस सकी पूर्व संध्या पर हुई थी।
 

मुलायम सिंह यादव भारतीय राजनीति में पहली पंक्ति के नेता माने जाते हैं। वह देश के सबसे बड़े सूबे उत्तर प्रदेश के तीन बार मुख्यमंत्री व देश के रक्षा मंत्री रह चुके हैं। प्रख्यात समाजवादी और धरतीपुत्र के नाम से मशहूर दिवंगत राजनेता मुलायम सिंह यादव को बुधवार को पद्मविभूषण पुरस्कार से नवाजा जाएगा। समर्थकों के बीच नेताजी के नाम से मशहूर मुलायम के बेटे और सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मान ग्रहण करेंगे।  

बुधवार यानि आज की शाम को राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में उन्हें ये पुरस्कार दिया जाएगा। सम्मान समारोह का यह कार्यक्रम शाम पांच बजे तय किया गया है। जानकारी के अनुसार पद्म विभूषण पुरस्कार लेने के लिए नेताजी के बेटे और सपा प्रमुख अखिलेश यादव आज सुबह दिल्ली पहुंचेंगे। वहीं अखिलेश यादव के साथ उनकी पत्नी डिंपल कार्यक्रम के दौरान रहेंगीं।

 भारत रत्न देने की हो चुकी है मांग
मुलायम सिंह यादव न केवल उत्तरप्रदेश बल्कि देश भर में ओबीसी वर्ग के बड़े नेता माने जाते हैं। एक समय तो वह प्रधानमंत्री पद के सबसे बड़े दावेदार भी रहे हैं। हालांकि राजनैतिक समीकरण ऐसे न बन पाए।  यही वजह है कि उनके निधन के बाद उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग उठी थी। उनके भाई शिवपाल यादव और उनकी बहू डिंपल यादव ने नेताजी के कद का जिक्र करते हुए उन्हें भारत रत्न देने की मांग की थी।