रीवा में बोले दिग्विजय सिंह - जितनी नौकरी हमने 10 साल में दीं, उसकी एक चौथाई भी 19 साल में BJP सरकार ने नहीं दी

विस अध्यक्ष पर भी कसा तंज- ' हमारे कार्यकाल में विधानसभा एक से डेढ़ महीना चलती थी, आज बजट तक में चर्चा नहीं होती '
 | 
Digvijay Singh Rewa

विंध्य के तीन दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन रीवा पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने BJP सरकार को बेरोजगारी के मुद्दे पर घेरा। दिग्विजय सिंह ने कहा-  मध्यप्रदेश में बेरोजगारी का बैकलॉग है। एससी और एसटी के पद भरते क्यों नहीं है। मैं चुनौती देता हूं कि जितनी नौकरी 1993 से 2003 के बीच 10 साल में हमने दी है। उसकी एक चौथाई नौकरी भी भाजपा की सरकार ने 19 साल में नहीं दी है।

रीवा राजनिवास (सर्किट हाउस) में पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा दिग्विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश भर में अधिकारी राज चल रहा है। निर्वाचित लोगों को पंगु बना दिया है।  नगर निगम, नगर पालिका, नगर पंचायत, जनपद, जिला व सरपंचों को कोई अधिकार नहीं है। 

कोई विरोध करता है तो झूठे प्रकरण दर्ज किए जा रहे है। गलती एक करता है। सजा पूरे परिवार को दी जाती है। गरीब व आदिवासियों को डराया जा रहा है। मुस्लिम समाज में भय का वातावरण है। आदिवासियों की जमीन कलेक्टर बेचवा रहे है। पेसा एक्ट का दिखावा किया जा रहा है।श्री सिंह ने कहा कि मैं बुलडोजर संस्कृति के खिलाफ हूं। 

विस अध्यक्ष पर भी कटाक्ष
पूर्व मुख्यमंत्री ने रीवा में आकर बगैर नाम लिए विस अध्यक्ष पर भी कटाक्ष किया। दिग्विजय ने कहा - हमारे कार्यकाल में विधानसभा एक से डेढ़ महीना चलती थी। आज बजट तक में चर्चा नहीं होती है। हां की जीत हुई हां की जीत हुई बजट पास। 

श्रीनिवास तिवारी हमारे अध्यक्ष थे । तब सबसे ज्यादा सदन दिग्विजय के कार्यकाल पर चली है। अब न कोई सुन रहा है, न देख रहा है। हमारे पूर्व मंत्री व युवा नेता जीतू पटवारी ने सरकार की नीतियों का विराध किया। उनको विधानसभा से निलंबित कर दिया गया। जबकि उनकी मांग जायज थी।

बजरंगबली की मूर्ति के सामने हुआ फूहड़पन 
दिग्विजय सिंह ने लगातार दूसरे दिन BJP के साथ ही प्रदेश के गृहमंत्री को घेरा। बोले- इन्हें हर चीज पर हिंदुत्व पर खतरा दिखता है, उन पर मुकदमा दर्ज करने के लिए गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा तैयार बैठे रहते है। लेकिन रतलाम में महिला बॉडी बिल्डिंग के मंच पर अर्धनग्न महिलाओं का प्रदर्शन नहीं दिखा। वहां बजरंगबली की मूर्ति के सामने फूहड़पन हुआ। पर मुकदमा दर्ज नहीं किया गया। 

पठान फिल्म में दीपिका पादुकोण के ड्रेस को देश में मुद्दा बना दिया गया। लेकिन हनुमान जी के सामने इन महिलाओं का जो प्रदर्शन हुआ। तब हिंदुत्व कहां है। विश्व हिन्दू परिषद, आरएसएस और बजरंगदल क्या कर रहा है।

सिंधिया जी के कहने पर बिक गए विधायक
कमलनाथ की डेढ़ साल में ही सरकार गिरने पर दिग्विजय सिंह ने सफाई दी। कहा कि इस बार ठोक बजाकर टिकट देंगे। तब सिंधिया जी के कहने पर विधायक बिक गए। खूब रुपए विधायकों ने बटोरे है। ये रुपए कहां से आते है। कहां गई ईडी और सीबीआई??