Sidhi News: सीधी सांसद डॉ राजेश मिश्रा ने सोन घड़ियाल अभयारण्य के जोगदहा घाट का किया भ्रमण

घड़ियाल संरक्षण हेतु एसटीआर प्रबंधन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की ली जानकारी 

 | 
Sidhi

सीधी। सांसद डॉ राजेश मिश्रा द्वारा बुधवार को सोन घड़ियाल अभयारण्य के जोगदहा घाट का भ्रमण किया गया। घाट में अठखेलियां कर रहे घड़ियाल के नवजात बच्चों को देखकर सांसद द्वारा अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की गई। बच्चों के अतिरिक्त सात मादा एवं एक नर घड़ियाल तथा दो मगर भी दिखे।


सांसद ने कार्य की प्रसंशा की
क्षेत्र संचालक संजय टाइगर रिजर्व सीधी अमित कुमार दुबे ने घड़ियाल संरक्षण की चुनौतियों तथा प्रबंधन द्वारा घड़ियाल संरक्षण हेतु किए जा रहे प्रयासो से सांसद को अवगत कराया। सांसद द्वारा घड़ियाल संरक्षण के लिए संजय टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की प्रशंसा की गई एवं भविष्य में घड़ियाल संरक्षण के लिए पूर्ण सहयोग हेतु आश्वस्त किया गया। 


भ्रमण के दौरान डॉ कैलास तिवारी भी उपस्थित रहे। ज्ञातव्य है कि वर्ष 2015 में अंतिम दो नर घड़ियालों की मृत्यु के पश्चात अभयारण्य नर घड़ियाल विहीन हो गया था। अभयारण्य में नर घड़ियाल नहीं होने से प्रजनन अवरुद्ध हो गया था। 


वर्ष 2022 में एक नर घड़ियाल राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य से लाया गया था। वर्ष 2023 में उक्त नर घड़ियाल मानसूनी बाढ़ में बह कर बिहार राज्य पहुंच गया था। प्रबंधन के अथक प्रयासों के बावजूद उसे वापस नहीं लाया जा सका था। 


पुन: लाया गया 1 नर घड़ियाल 
विगत 14 जनवरी को 1 नर घड़ियाल चम्बल अभयारण्य से पुन: लाया गया जिसे सिहावल विधायक विश्वामित्र पाठक की उपस्थिति में सोन नदी के जोगदहा घाट में छोड़ा गया था। मादाओं द्वारा माह मार्च 2025 में अण्डे दिए गए थे।


 इसी कड़ी में 21 मई से 25 मई के बीच घड़ियालों द्वारा दिए गए अण्डों से 132 बच्चे निकले हैं। प्राकृतिक वातावरण में सामान्यत: दो से तीन प्रतिशत बच्चे ही बच पाते हैं। सांसद द्वारा अधिक बच्चे बचाने की दिशा में आवश्यक उपाय करने हेतु कहा गया।


अत्यधिक जैविक दबाव एवं अभयारण्य पर मंडरा रहे अस्तित्व के संकट के बीच स्थानीय जन प्रतिनिधियों के सहयोग, अभयारण्य में कार्यरत अधिकारियों की इच्छा शक्ति, कर्मचारियों के अथक प्रयासों तथा नदी के तटों पर निवासरत समुदायों के सहयोग एवं सहभागिता से वर्तमान में अभयारण्य घड़ियाल, स्कीमर सहित अन्य दुर्लभ जलीय जीव जन्तुओं के लिए प्रजनन के महत्वपूर्ण केन्द्र के रूप में विकसित हो रहा है। 


अभयारण्य की चौड़ाई नदियों के दोनो ओर 200 मीटर 
सोन घड़ियाल अभयारण्य सीधी का गठन घड़ियाल एवं अन्य जलीय जीवों के संरक्षण के उद्देश्य से मध्य प्रदेश शासन के नॉटीफिकेशन क्रमांक 14-47-80- ग-(2) भोपाल 23 सितम्बर 1981 द्वारा सोन, गोपद एवं बनास नदियों में 209.21 किलोमीटर लम्बाई में किया गया है। अभयारण्य की चौड़ाई नदियों के दोनो ओर 200 मीटर तक है। 


ये जलीय जीव पाए गए
अभयारण्य में वर्ष 2025 में की गई जलीय जीव जन्तुओं एवं पक्षियों की गणना में घड़ियाल-38 मगरमच्छ-74, स्कीमर-41, 49 प्रकार के कुल 4015 पक्षी, तथा कछुए, मछलियों की अनेक प्रजातियॉ, जलीय सर्प एवं अन्य जलीय जीव पाए गए। 


ये रहे उपस्थित
मध्य प्रदेश में चंबल अभयारण्य के अतिरिक्त सोन घड़ियाल अभयारण्य दूसरा ऐसा अभयारण्य है जिसमें प्राकृतिक पर्यावास में घड़ियाल का प्रजनन हो रहा हैै। भ्रमण के दौरान सुधीर मिश्रा अधीक्षक सोन घड़ियाल अभयारण्य, मनी राम धुर्वे परिक्षेत्राधिकारी सीधी, जोखीलाल प्रजापति वनरक्षक एवं सोन घड़ियाल अभयारण्य के अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।