Sidhi News: सीधी कलेक्टर विकास मिश्रा ने किया बहरी में निरीक्षण एवं जनसंवाद
शासकीय योजनाओं एवं जनसुविधाओं की स्थिति का लिया जायजा
सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा जिले की बहरी तहसील अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं एवं जनसुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया गया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं, उपार्जन व्यवस्था, निर्माण कार्यों एवं ग्रामीण विकास गतिविधियों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे कलेक्टर
भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बहरी का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने मरीजों एवं उनके परिजनों से चर्चा कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली। परिजनों द्वारा दिए गए सकारात्मक फीडबैक के आधार पर कलेक्टर ने चिकित्सकों एवं स्टॉफ की सराहना की तथा उन्हें सेवा भाव के साथ कार्य करने के लिए प्रोत्साहित किया।
गेहूं उपार्जन केंद्र का किया निरीक्षण
कलेक्टर ने पतुलखी स्थित गेहूं उपार्जन केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने उपार्जन कार्य की व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए किसानों के हित एवं सुविधाओं को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही समय पर तौल, भुगतान एवं सुव्यवस्थित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
निर्माणाधीन आईटीआई भवन में कार्य की समीक्षा की
कलेक्टर ने लौआ में निर्माणाधीन आईटीआई भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। चंदवाही में आयोजित जनचौपाल के दौरान कलेक्टर ने आमजनों की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही निराकरण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके अलावा ग्राम पंचायत देवगवा का निरीक्षण कर कलेक्टर ने पंचायत स्तरीय योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान उपखंड अधिकारी राजेश शुक्ला सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।