Sidhi News: सीधी कलेक्टर ने उपखंड अधिकारी- तहसील कार्यालय कुसमी का किया औचक निरीक्षण
फॉर्मर आईडी निर्माण में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने पर दिया जोर
सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने मंगलवार को उपखंड अधिकारी (राजस्व) कार्यालय एवं तहसील कार्यालय कुसमी का औचक निरीक्षण कर राजस्व एवं प्रशासनिक कार्यों की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के संधारण, लंबित प्रकरणों की स्थिति तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की प्राथमिकता वाले कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी और प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए।
प्राथमिकता के आधार पर हो निराकरण
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि भ्रमण क्षेत्र से संबंधित सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई में प्राप्त सभी लंबित शिकायतों का शत-प्रतिशत निराकरण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। उन्होंने लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित सभी प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अविवादित नामांतरण, सीमांकन एवं बंटवारा के लंबित मामलों का शत-प्रतिशत निराकरण करते हुए अनावश्यक विलंब समाप्त करने को कहा।

साफ-सफाई देखी
कलेक्टर ने किसानों से जुड़े कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी पात्र किसानों की फार्मर आईडी का शत-प्रतिशत निर्माण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण एवं नागरिक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यालय में आने वाले प्रत्येक नागरिक के साथ संवेदनशील, शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार किया जाए तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व प्रशासन की कार्यशैली पारदर्शी, जवाबदेह एवं जन-केंद्रित होनी चाहिए, ताकि आमजन का शासन-प्रशासन पर विश्वास और अधिक सुदृढ़ हो।

लोक सेवा केंद्र कुसमी का निरीक्षण
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लोक सेवा केंद्र कुसमी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र में नागरिकों को प्रदान की जा रही सेवाओं, लंबित आवेदनों तथा सेवा वितरण की व्यवस्था का अवलोकन किया।
कलेक्टर ने अंत में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा सभी प्राथमिकता वाले कार्यों में शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी कुसमी सागर जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ज्ञानेंद्र मिश्रा सहित तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।