Sidhi News: सीधी के हायर सेकेंडरी स्कूल सोनवर्षा की जर्जर छत से गिर रहा प्लास्टर

प्राचार्य ने जिला प्रशासन से भवन मरम्मत एवं बाउंड्रीवॉल निर्माण की मांग की

 | 
Sidhi

सीधी। शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सोनवर्षा में भवन की कमी और जर्जर अतिरिक्त कक्षों के कारण विद्यार्थियों को पठन-पाठन में असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय के प्राचार्य ने जिला प्रशासन से विद्यालय भवन की आवश्यक मरम्मत, अतिरिक्त कक्षों की व्यवस्था एवं बाउंड्रीवॉल निर्माण कराए जाने का निवेदन किया है।


प्राचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय को लगभग 20 से 25 वर्ष पूर्व अतिरिक्त कक्ष उपलब्ध कराया गया था। वर्तमान में इन कक्षों की छत से प्लास्टर धीरे-धीरे गिर रहा है। भवन की गुणवत्ता ठीक नहीं होने के कारण छत की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है। समय रहते भवन की मरम्मत नहीं कराई गई तो स्थिति और गंभीर हो सकती है।


उन्होंने बताया कि विद्यालय में वर्तमान में लगभग 600 विद्यार्थी नियमित रूप से अध्ययनरत हैं। विद्यार्थियों की संख्या अधिक होने के कारण विद्यालय में कक्षों की कमी बनी हुई है, जिसके चलते पठन-पाठन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। यदि जर्जर भवन की शीघ्र मरम्मत कराकर अतिरिक्त कक्षों की व्यवस्था की जाती है, तो विद्यार्थियों को अध्ययन में होने वाली असुविधा दूर हो सकेगी।


प्राचार्य ने यह भी बताया कि विद्यालय परिसर में बाउंड्रीवॉल की स्थिति सही नहीं होने के कारण ग्रामीणों के आवारा मवेशी परिसर में प्रवेश कर जाते हैं और विद्यालय परिसर एवं परिसर में लगाए गए संसाधनों को नुकसान पहुंचाते हैं। इससे विद्यालय की व्यवस्था प्रभावित होने के साथ-साथ विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर भी समस्या बनी रहती है। 


विद्यालय की प्रगति और विद्यार्थियों के हित को देखते हुए प्राचार्य ने जिला प्रशासन से जर्जर भवन की तत्काल मरम्मत, अतिरिक्त कक्षों की व्यवस्था तथा विद्यालय परिसर में मजबूत बाउंड्रीवॉल निर्माण कराए जाने की मांग की है, ताकि विद्यार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध हो सके।