Sidhi News: सीधी में विक्रमोत्सव पर मानस भवन में कोटि सूर्योपासना का हुआ आयोजन

विक्रमोत्सव हमारी सांस्कृतिक विरासत का जीवंत प्रतीक : रीती पाठक

 | 
Sidhi
विधायक ने कहा- संस्कार, संस्कृति और समृद्धि का संदेश देता है नव संवत्सर 

सीधी। नव संवत्सर, विक्रम संवत 2083 के आरंभ के पावन अवसर पर जिला मुख्यालय सीधी स्थित मानस भवन में 'विक्रमोत्सव-2026Ó के अंतर्गत 'कोटि सूर्योपासनाÓ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। 

 


कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्म ध्वज की स्थापना के साथ हुआ, जिसमें सम्मिलित होते हुए विधायक सीधी रीती पाठक, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने प्रदेश एवं देश की समृद्धि तथा जनकल्याण की मंगलकामनाएं कीं।

Sidhi

'विक्रमोत्सव-2026' का देख गया सीधा प्रसारण 
इस अवसर पर भोपाल स्थित रवींद्र भवन में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में आयोजित राज्य स्तरीय 'विक्रमोत्सव-2026' कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी देखा एवं सुना गया। प्रसारण के माध्यम से उपस्थित जनों ने 'कोटि सूर्योपासना' एवं सम्राट विक्रमादित्य पर आधारित नाट्य मंचन का आनंद लिया, जिससे कार्यक्रम का उत्साह और अधिक बढ़ गया।

 


नववर्ष प्रकृति, संस्कृति और नवचेतना का उत्सव

Sidhi

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक रीती पाठक ने कहा कि भारतीय नव वर्ष केवल तिथि परिवर्तन नहीं, बल्कि प्रकृति, संस्कृति और नवचेतना का उत्सव है। यह समय हमें अपनी परंपराओं से जुड़कर नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।

 


विधायक ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य का जीवन आदर्श शासन, न्याय और लोककल्याण का प्रतीक रहा है, जिनसे आज भी प्रेरणा ली जा सकती है। विधायक ने सभी से आह्वान किया कि वे भारतीय नव वर्ष के इस पावन अवसर पर समाज में सकारात्मकता, सद्भाव और संस्कारों के प्रसार का संकल्प लें तथा प्रदेश के विकास एवं सांस्कृतिक उन्नयन में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।


समाज हेतु प्रेरणास्रोत विक्रमादित्य की विरासत 

Sidhi

जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सम्राट विक्रमादित्य सुशासन, न्यायप्रियता, दानशीलता एवं उत्कृष्ट प्रशासन के प्रतीक रहे हैं। उनकी गौरवशाली विरासत आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है और इसे संरक्षित एवं प्रसारित करना हम सभी की जिम्मेदारी है। समाजसेवी इंद्रशरण सिंह चौहान ने सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

प्रतिभागियों का किया गया सम्मान 

Sidhi

कार्यक्रम के अंत में आयोजित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में प्रतिभागियों ने अपनी कला का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिसके उपरांत सभी प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया।

Sidhi

ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में पार्षद आनंद परियानी, अपर कलेक्टर बी.पी. पाण्डेय, एसडीएम गोपद बनास राकेश शुक्ला, जिला संस्कृत प्रभारी सतीश पाण्डेय, भानू पाण्डेय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला योग प्रभारी आदर्श अभिनय मिश्रा द्वारा किया गया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला सांस्कृतिक प्रभारी श्रवण कुमार शुक्ला ने किया।