Sidhi News: सीधी में डिप्टी कलेक्टर ने धनहा धान खरीदी केंद्र का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान व्यवस्थाएं मिली संतोषजनक; किसान अन्नदाता हैं: समिति प्रबंधक 

 | 
Sidhi

सीधी। क्षेत्र में इन दिनों धनहा धान खरीदी केंद्र किसानों के लिए एक मिसाल बनकर उभर रहा है। सुव्यवस्थित संचालन और किसान-हितैषी व्यवस्थाओं के चलते सहकारी समिति के प्रबंधक जय सिंह की कार्यशैली की सर्वत्र सराहना हो रही है।


व्यवस्थाएं मिली संतोषजनक
हाल ही में डिप्टी कलेक्टर द्वारा धान खरीदी केंद्र का निरीक्षण किया गया, जिसमें उन्होंने खरीदी व्यवस्था, तौल प्रक्रिया, भंडारण और किसानों को दी जा रही सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान केंद्र की व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।


8 दिसंबर को हुआ था शुभारंभ
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम धनहा धान खरीदी केंद्र का शुभारंभ 8 दिसंबर 2025 को समिति प्रबंधक, सहायक प्रबंधक एवं समिति के समस्त कर्मचारियों द्वारा विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया था। इसके साथ ही परिवहन ठेकेदार द्वारा धान उठाव का कार्य भी प्रारंभ कर दिया गया, जिससे खरीदी और भंडारण की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है।


समिति प्रबंधन द्वारा शासन के दिशा-निर्देशों के अनुरूप किसानों की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है। समिति प्रबंधक जय सिंह ने कहा कि 'किसान अन्नदाता है। वह चार माह तक खेत में कड़ी मेहनत करता है, यदि उसे अपनी उपज बेचने में परेशानी हो तो इससे बड़ा कष्ट और क्या हो सकता है। इसी सोच के साथ समिति प्रबंधक एवं कम्प्यूटर आपरेटर किसानों को अधिकतम सुविधा देने का प्रयास कर रहे हैं।


किसानों ने की सराहना
धान खरीदी केंद्र पहुंचे किसानों ने बताया कि इस वर्ष की व्यवस्थाएं पूर्व वर्षों की तुलना में कहीं बेहतर हैं। किसानों को मजदूर लाने की आवश्यकता नहीं पड़ रही है। शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार सटीक तौल की जा रही है। इसके साथ ही किसानों के बैठने के लिए कुर्सियां, पीने के लिए स्वच्छ पानी तथा ठंड से बचाव हेतु अलाव जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं।


स्थानीय किसानों का कहना है कि इतनी सुव्यवस्थित और संवेदनशील व्यवस्था उन्होंने पहले कभी नहीं देखी। धनहा धान खरीदी केंद्र की यह कार्यप्रणाली अन्य खरीदी केंद्रों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनती जा रही है।