Sidhi News: सीधी जिला चिकित्सालय का कलेक्टर विकास मिश्रा ने किया निरीक्षण
व्यवस्थाएं सुधारने, वातावरण स्वच्छ एवं सुरक्षित करने दिए निर्देश
सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा द्वारा जिला चिकित्सालय का शुक्रवार को निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए प्रबंधन को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त एवं सुव्यवस्थित रखी जाएं। व्यवस्थाओं में सुधार नहीं होने पर लापरवाह अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

कलेक्टर ने कहा कि जिला चिकित्सालय वह स्थान है जहां मरीज स्वस्थ होने की उम्मीद लेकर आता है, इसलिए अस्पताल परिसर पूर्णत: स्वच्छ, सुरक्षित एवं संक्रमण मुक्त होना चाहिए। उन्होंने स्वच्छता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर देते हुए कहा कि यह जिम्मेदारी अस्पताल प्रबंधन के साथ-साथ मरीजों के परिजनों की भी है।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्देशित किया कि मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं तथा चिकित्सकों की उपस्थिति नियत समय के अनुसार सुनिश्चित हो। आयुष्मान कार्डधारी हितग्राहियों को नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराने एवं पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के भी निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने अस्पताल में उपलब्ध भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने, मुख्यमंत्री जननी सुरक्षा योजना एवं मुख्यमंत्री श्रमिक सुरक्षा योजना के अंतर्गत भुगतान समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही टीबी मरीजों को नियमित दवाइयां उपलब्ध कराने, बेड एवं बेडशीट की पर्याप्त व्यवस्था, खून जांच एवं एक्स-रे सेवाओं की स्थिति की भी जानकारी ली।
उन्होंने विद्युत तारों को सुव्यवस्थित करने, चिकित्सकों के कक्ष के बाहर नाम पट्टिका लगाने तथा सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी समयानुसार लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही आवश्यक सामग्रियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने अपना मोबाइल नंबर साझा कर मरीजों को किसी भी समस्या की जानकारी सीधे देने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
इस दौरान उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बबिता खरे, सिविल सर्जन डॉ. एस.बी. खरे, तहसीलदार गोपद बनास राकेश शुक्ला उपस्थित रहे।