Sidhi News: सीधी में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत ने समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक

हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें: अंशुमन राज

 | 
Sidhi

सीधी। समय-सीमा पत्रों की समीक्षा बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अंशुमन राज ने अधिकारियों को हर घर तिरंगा तथा हर घर स्वच्छता अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। 


उन्होंने कहा कि दो अगस्त से 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। देश के स्वतंत्रता तथा राष्ट्रीय ध्वज के महत्व के संबंध में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। तिरंगा यात्रा, तिरंगा रैली, मानव श्रृंखला बनाकर तथा प्रभातफेरी के माध्यम से हर व्यक्ति को इस अभियान में सहभागी बनाएं। 


राष्ट्रीयता की भावना के साथ हर घर तिरंगा अभियान में योगदान दें। अभियान में जनजागरूकता के लिए 12 अगस्त को प्रात: 10 बजे से कलेक्ट्रेट परिसर से तिरंगा साइकिल यात्रा निकाली जाएगी। सभी अधिकारी, कर्मचारी तथा आमजन इसमें भागीदारी निभाएं।


सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुरूप सभी अधिकारी भी हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता अभियान में आमजनता को जोड़ने का प्रयास करें। अभियान के प्रचार-प्रसार के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, रंगोली, तिरंगा मेला जैसे कार्यक्रम आयोजित करें।


 हर घर तिरंगा अभियान के साथ-साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह और स्वच्छता अभियान भी जुड़ा हुआ है। सभी अधिकारी अपने कार्यालय और कार्यालय परिसरों में साफ-सफाई कराएं। अभियान का तीसरा चरण 13 से 15 अगस्त तक चलाया जाएगा। 


इस अवधि में सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराया जाएगा। कार्यालयों, निजी प्रशासनिक आवासों तथा वाहनों में तिरंगा फहराएं। तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर पोर्टल पर अपलोड करने के लिए लोगों को प्रेरित करें। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं को भी हर घर तिरंगा अभियान में सहभागी बनाएं।


 इस अभियान में स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन के तहत गांवों में स्वच्छता के कार्यक्रम, सामूहिक साफ-सफाई अभियान तथा जल संरक्षण के लिए जागरूकता अभियान को भी शामिल करें। 


सीईओ जिला पंचायत ने आम नागरिकों को उचित मूल्य में तिरंगा की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश स्थानीय निकायों को दिए हैं। साथ ही गरीब नागरिकों को नि:शुल्क तिरंगा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।


शिकायतों का समय सीमा में हो गुणवत्तापूर्ण निराकरण 
बैठक में सीईओ जिला पंचायत द्वारा सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की विभागवार विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों का समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 


सीईओ जिला पंचायत ने कहा कि सभी विभाग शिकायतों के निराकरण में ए ग्रेड लाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम के लिए चयनित विषयों से संबंधित शिकायतों के शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। समय सीमा पत्रों की समीक्षा करते हुए अपर कलेक्टर ने सभी विभाग प्रमुखों को प्राथमिकता पर कार्यवाही करते हुए प्रकरणों को निराकृत करने के निर्देश दिए हैं। 


उन्होंने कहा कि सभी प्रकरणों की नस्ती कार्यवाही कर एक सप्ताह में अनिवार्य रूप से कलेक्टर महोदय के समक्ष प्रस्तुत करेंगे। आगामी एक सप्ताह अभियान चलाकर टीएल प्रकरणों की वस्तुस्थिति से अवगत कराना सुनिश्चित करें। 


उन्होंने सीएम हाउस तथा सीएम मॉनिट से प्राप्त पत्रों पर समय-सीमा में कार्यवाही कर अवगत कराने के निर्देश दिए हैं। बैठक में उपखण्ड अधिकारी गोपद बनास नीलेश शर्मा, मझौली आरपी त्रिपाठी सहित सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।