Singrauli News: सिंगरौली में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तियरा का कलेक्टर ने लिया जायजा
विद्यार्थियों की मांग पर शीघ्र शुरू होगी जेईई ऑनलाइन कोचिंग: गौरव बैनल
आज से प्रारंभ होने वाली नीट ऑनलाइन कोचिंग में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को किया प्रेरित
सिंगरौली। जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर गौरव बैनल ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तियरा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी पढ़ाई एवं शैक्षणिक गतिविधियों की जानकारी ली। कलेक्टर ने शनिवार से विद्यालय में प्रारंभ होने वाली नीट की नि:शुल्क ऑनलाइन कोचिंग में भाग लेकर नियमित अध्ययन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय में ऑनलाइन कोचिंग की व्यवस्था की जा रही है।
जिले में मेडिकल कॉलेज संचालित हो रहा है, ऐसे में विद्यार्थी इस सुविधा का लाभ उठाकर नीट परीक्षा में सफलता प्राप्त करें तथा चिकित्सा शिक्षा हासिल कर योग्य चिकित्सक बनें। विद्यालय में ऑनलाइन कोचिंग प्रारंभ किए जाने की जानकारी मिलने पर विद्यार्थियों ने उत्साह व्यक्त किया।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने कलेक्टर से विद्यालय में जेईई की ऑनलाइन कोचिंग प्रारंभ कराने की मांग की। इस पर कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि विद्यार्थियों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए शीघ्र ही जेईई की ऑनलाइन कोचिंग संचालित कराने की पहल की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने विद्यालय के प्राचार्य को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों की रुचि एवं योग्यता के अनुरूप करियर चयन के लिए आवश्यक काउंसलिंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर ने विद्यालय में संचालित ब्यूटी एवं वेलनेस लैब का भी अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों को दिए जा रहे व्यावसायिक प्रशिक्षण की जानकारी ली।
कलेक्टर ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत सुनिश्चित करने के लिए प्राचार्य एवं शिक्षकों को गंभीरता से प्रयास करने तथा शैक्षणिक कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संघप्रिय एवं जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी उपस्थित रहीं।
निर्माणाधीन माइनिंग कॉलेज का किया निरीक्षण

जनविश्वास कार्यक्रम के तहत तियरा में कलेक्टर गौरव बैनल ने निर्माणाधीन माइनिंग कॉलेज का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। 56 करोड़ रुपए की लागत से बन रहे कॉलेज के फेज-1 का कार्य अंतिम चरण में है, जिसमें कॉलेज भवन, भव्य लाइब्रेरी और हॉस्टल का निर्माण शामिल है। कलेक्टर ने निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरा करने और गुणवत्ता में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
उन्होंने बताया कि जल्द ही लगभग 30 करोड़ की लागत से फेज-2 का कार्य शुरू होगा, जिसके तहत ऑडिटोरियम, गेस्ट हाउस और अतिरिक्त हॉस्टल बनाए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत व पीआईयू के कार्यपालन यंत्री सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जन आरोग्य मंदिर तियरा भी पहुंचे

जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर गौरव बैनल ने जन आरोग्य मंदिर तियरा का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं का जायजा लिया। उन्होंने एनीमिया पीड़ित महिलाओं को चिह्नित कर उचित उपचार देने और गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराने, स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई रखने और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सभी स्वास्थ्यकर्मियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित कराने की हिदायत दी।