Satna News: सतना कांग्रेस को फिर लगा झटका, तीन पार्षदों ने महापौर की मौजूदगी में थामा भाजपा का दामन

राजधानी भोपाल में सीएम डॉ मोहन यादव व प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के हाथों ली सदस्यता 

 | 
satna a

सतना। चुनाव खत्म होने के बाद भी एमपी में कांग्रेस को छोड़कर जाने वालों की संख्या कम होने का नाम नहीं ले रही है। इसी क्रम में विंध्य के सतना शहर के कई कांग्रेस पार्षदों ने पार्टी को झटका देते हुए अब प्रदेश के मुखिया डॉ मोहन यादव के हाथों भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस घटना को सतना की राजनीति में बड़ी हलचल मानी जा रही है। 

लोकसभा के चुनाव परिणामों से कांग्रेस अभी उभरी भी नहीं है कि नगर निगम के तीन पार्षदों ने दलबदल करते हुए कमलदल में शामिल हो चुके हैं। जानकारी के अनुसार  राजेश कुमार सूर्यवंशी (पार्षद वार्ड क्रमांक 27), अच्छेलाल कोल (पार्षद वार्ड क्रमांक 30) व  सौरभ मलिक (पार्षद वार्ड क्रमांक 43) ने  राजधानी भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णु दत्त शर्मा, प्रदेश भाजपा संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के समक्ष भारतीय जनता पार्टी की विधिवत सदस्यता ग्रहण की।


मुख्यमंत्री सहित प्रदेश अध्यक्ष एवं संगठन महामंत्री ने कांग्रेस पार्षदों का स्वागत करते हुए विकास व जन कल्याण के कार्य में पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाया। उक्त अवसर पर सतना नगर निगम अध्यक्ष  राजेश चतुर्वेदी, एम.आई.सी. सदस्य आदित्य यादव, भाजपा मंडल अध्यक्ष  संजय अग्रवाल भी उपस्थित रहे। 

दलबदल करने वाले पार्षदों ने कहा कि वह सतना महापौर योगेश कुमार ताम्रकार के कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए हैं। बता दें कि नगर निगम, विधानसभा व लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की हालत सतना जिले में खराब रही है। इस दौरान कई पुराने नेताओं ने पार्टी को झटका दिया। माना जा रहा था कि चुनाव के बाद अब कांग्रेस अपने नेताओं को बांधने का काम करेगी लेकिन चुनाव बीत जाने के बाद भी पार्टी छोड़ने वालों का सिलसिला जारी है।