Shahdol News: शहडोल के टेक्निकल स्कूल में आयोजित हुई विकसित भारत संकल्प सभा
प्रधानमंत्री ने भारत का नाम विश्व पटल पर किया गौरवान्वित: हिमाद्री सिंह
विकसित भारत के लक्ष्य की प्राप्ति में हम सभी बनें सहभागी: अमिता चपरा, सेवा ज्योति संकल्प का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक लाभ व सेवा पहुंचाना: मनीषा सिंह
शहडोल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के तहत टेक्निकल स्कूल परिसर में विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं बड़ी संख्या में नागरिकों ने सहभागिता की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के देश की जनता के नाम संबोधन का लाइव प्रसारण उपस्थित जनसमुदाय द्वारा देखा एवं सुना गया।

कार्यक्रम में विधायक जैतपुर विधानसभा क्षेत्र जयसिंह मरावी, ब्यौहारी शरद कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभा मिश्रा, उपाध्यक्ष फूलवती सिंह, जिला पंचायत सदस्य, जनपद अध्यक्ष, नगरपालिका एवं नगर परिषदों के अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद हिमाद्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने जनसेवा के 25 वर्षों के कार्यकाल में देश को नई दिशा एवं नई पहचान देने का कार्य किया है। उनके नेतृत्व में भारत ने विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है। आज पूरा विश्व भारत को आशा एवं उम्मीद भरी नजरों से देखता है। सांसद हिमाद्री सिंह ने उजबेकिस्तान की यात्रा के दौरान संसदीय दल में शामिल होने के अपने संस्मरण भी साझा किए।

विधायक मनीषा सिंह ने कहा कि सेवा ज्योति संकल्प यात्रा का मूल उद्देश्य समाज के अंतिम छोर तक पहुंचकर प्रत्येक व्यक्ति की सेवा करना तथा उसे शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों का लाभ दिलाना है।

उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। जिला योजना समिति की सदस्य अमिता चपरा ने कहा कि हमें राष्ट्र प्रथम का संकल्प लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए तन-मन-प्राण से सहभागी बनना होगा।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश की जनता को दिए गए संबोधन का सीधा प्रसारण किया गया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना।

कार्यक्रम में सेवा, समर्पण, राष्ट्र प्रथम तथा विकसित भारत के संकल्प को लेकर उपस्थित जनसमुदाय ने सहभागिता की। सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के माध्यम से जनसेवा, जनभागीदारी एवं शासन की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर भूपेन्द्र मिश्रा, संतोष लोहानी, अमित मिश्रा, प्रियम त्रिपाठी, रविकान्त त्रिपाठी, दौलत मनवानी, जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि एवं प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मीडिया से जुड़े पत्रकार तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार सेवा ज्योति संकल्प यात्रा के प्रभारी भूपेन्द्र मिश्रा ने व्यक्त किया।