Shahdol News: शहडोल कलेक्टर ने कहा -100-1000 दिवस से अधिक से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण

सीएम हेल्पलाइन में ग्रेड-ए हेतु सभी विभाग अभी से शुरू करें प्रयास: पार्थ जायसवाल

 | 
Shahdol

शहडोल। कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले के सभी विभाग सीएम हेल्पलाइन में ग्रेड-ए प्राप्त करने के लिए अभी से प्रभावी प्रयास शुरू करें। सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समय-सीमा में संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से परीक्षण कर आवेदकों को राहत प्रदान की जाए।


कलेक्टर ने निर्देशित किया कि 100 दिवस एवं 1000 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए। संबंधित विभागीय अधिकारी ऐसी शिकायतों की नियमित समीक्षा करें तथा उनके निराकरण में आ रही समस्याओं का तत्काल समाधान सुनिश्चित करें। 


समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों एवं शासन की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। सीएम हेल्पलाइन में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर एसएन शुक्ला विश्वविद्यालय के कुलपति एवं अग्रणी शासकीय महाविद्यालय के प्राचार्य को अर्द्धशासकीय पत्र के माध्यम से सूचित करने के निर्देश दिए। 


जिला पंजीयक को कारण बताओ नोटिस जारी 
वहीं जिला पंजीयक को सीएम हेल्पलाइन में प्रगति नहीं होने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों की उपस्थिति अनिवार्य है। बैठक में अनुपस्थित रहना तथा सौंपे गए दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतना स्वीकार नहीं किया जाएगा। 


ये रहे उपस्थित
बैठक में सीईओ जिला पंचायत शिवम प्रजापति, डीएफओ तरुणा वर्मा, अपर कलेक्टर सरोधन सिंह, मिनिषा पाण्डेय, एसडीएम जयसिंहनगर काजोल सिंह, एसडीएम सोहागपुर अमृता गर्ग, एसडीएम जैतपुर दीपक मंडावी, डिप्टी कलेक्टर भागीरथी लहरे, एंटोनिया एक्का सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।