Shahdol News: संभागायुक्त ने कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्यपालन से सम्बंधित समीक्षा की

किसानों को आधुनिक खेती अपनाने हेतु करें प्रेरित: सुरभि गुप्ता

 | 
Rewa

शहडोल। आयुक्त शहडोल संभाग सुरभि गुप्ता ने कमिश्नर कार्यालय के अमरकंटक सभाकक्ष में कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्यपालन विभागों की संभाग स्तरीय समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि कृषि विभाग प्रदर्शन खेती के माध्यम से किसानों को आधुनिक खेती अपनाने हेतु प्रेरित करें। 

किसानों को प्रदर्शन वालें खेतों में लेे जाकर उत्पादन एवं उत्पादकता में हुई वृद्धि तथा इन प्रदर्शनों में उत्पादन बढ़ाने हेतु किए जाने वाले नवाचारों के संबंध में किसानों को अवगत कराएं। उन्होंने शहडोल संभाग में श्रीअन्न कोदो कुटकी तथा दलहन एवं तिलहन का रकवा बढ़ाने के निर्देश संबंधित अधिकारियेां को दिए। 


बैठक में संयुक्त आयुक्त विकास मुद्रिका सिंह, संयुक्त संचालक कृषि जेएस पेन्द्राम, संयुक्त संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डॉ. पंकज सिंह सहित संभाग के तीनों जिलों के उप संचालक कृषि, उप संचालक पशु चिकित्सा सेवाएं, सहायक संचालक उद्यानिकी, सहायक संचालक मत्स्य, कृषि अभियांत्रिकी, बीज निगम, एमपीएग्रो कृषि विज्ञान केन्द्र के वैज्ञानिक डॉ. केपी तिवारी, डॉ. बीके प्रजापति, डॉ. धनन्जय सिंह, सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। 


आयुक्त गुप्ता ने कहा कि संभाग में राष्ट्रीय प्राकृतिक ख्ेाती मिशन हेतु बनाए गए क्लस्टरों का संबंधित अधिकारी नियमित भ्रमण करें। किसानों को प्राकृतिक खेती से होने वाले लाभों की जानकारी दें तथा उत्पादन की ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग हेतु प्रोत्साहित करें। शासन द्वारा प्राप्त नए क्लस्टर निर्माण के लक्ष्य को समय-सीमा में पूरा करें। 


सहकारिता विभाग की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने कहा कि सभी सहकारी समितियों में उर्वरक एवं बीज का पर्याप्त भण्डारण कर लिया जाए। अभियान चलाकर सहकारिता सदस्यों की संख्या में वृद्धि की जाए। उद्यानिकी विभाग की समीक्षा करते हुए संभाग में फलों का उत्पादन बढ़ाने हेतु आम, अमरूद, ड्रेगन फूड, मुनगा, नाशपाती आदि फलदार पौधों का रोपण किया जाए। 


इस अवसर पर उन्होंने डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना, आचार्य विद्यासागर योजना, मुख्यमंत्री डेयरी प्लस योजना की समीक्षा करते हुए बैंकों में प्रेषित प्रकरणों के स्वीकृत एवं वितरण की कार्यवाही समय-सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। 


मत्स्य पालन विभाग की समीक्षा करते हुए मत्स्यपालन का रकवा बढ़ाने, मत्स्यपालकों को किसान क्रेडिट कार्ड की सुविधा देने तथा मत्स्यबीज का उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने मत्स्य उत्पादन बढ़ाने हेतु केज कल्चर को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।