Rewa News: रीवा में बदमाशों ने महिला से की लूट, ऑटो से पर्स छीनकर भागे

सिविल लाइन पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण, बदमाशों की तलाश जारी

 | 
Rewa News

रीवा। महिला संबंधी अपराधों को रोकने का दम भरने वाली पुलिस बाइक सवार बदमाशों को पकड़ने में नाकाम है जो आये दिन महिलाओं से पर्स लूट रहे है। सुबह आटो से आ रही महिला का अज्ञात बदमाशों ने पर्स छीन लिया और भागने में कामयाब हो गये। उसमें जेवर, कैश सहित अन्य सामान रखा था।

घटना की सूचना पर तुरंत पुलिस स्पॉट में पहुंच गई। घटनाकारित करने वाले बदमाशों को पकड़ने के लिए तत्काल नाकाबंदी कराई गई लेकिन बदमाश उससे निकलकर भागने में कामयाब हो गये। 
 

भोपाल से रीवा आई थी महिला
बताया गया है कि चलती आटो से एक महिला का अज्ञात बदमाश पर्स छीनकर भाग गये। राखी अग्रवाल साकिन खुटेही अपने पति के साथ भोपाल से रीवा आई थी। रेलवे स्टेशन से आटो में बैठकर वे घर जा रही थी। ढेकहा के पास पहुंचने पर पीछे से दो अज्ञात बदमाश मोटर साइकिल से आये। 
 

पुलिस ने किया मौका मुआयना 
महिला ने अपना पर्स पैर के ऊपर रखा था जिसको बदमाशों ने झपट्टा मारकर छीन लिया और भाग निकले। उन्होंने हल्ला गुहार कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। उन्होंने थाने आकर पुलिस को सूचना दी जिस पर पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई। 

बताया गया है कि पुलिस ने बदमाशों की पतासाजी के लिए नाकाबंदी की लेकिन उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने महिला की रिपोर्ट पर अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण कायम कर लिया है। 

पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया जिसकी मदद से बदमाशों की पतासाजी करने का प्रयास किया लेकिन उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के विरद्ध आपराधिक प्रकरण कायम कर घटना को जांच में लिया है।

आये दिन हो रहीं घटनाएं
जिले में पर्स स्नेचिंग की घटनाएं तो आम बात हो गई है। बदमाश गाड़ी में बेखौफ होकर घूमते है और किसी भी महिला का पर्स छीनकर भाग जाते है। पुलिस को उनके बारे में कुछ भी पता नहीं चलता है। 

दो दिन पहले अजगरहा थाना विवि में पर्स स्नेचिंग की घटना अज्ञात बदमाशों ने की थी जिनका पुलिस पता लगाने में फेल है। रायपुर कर्चुलियान, गुढ़ सहित कई थानों में प्रकरण कायम है लेकिन आरोपियों के बारे में कुछ भी पता नहीं चल पाया है।
 

इनका कहना है-
अज्ञात बदमाशों ने रविवार को सुबह आटो से आ रही महिला का पर्स छीना है। दो लड़के बाइक में थे जो नकाब बांधे थे। महिला की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध प्रकरण कायम कर उनकी सरगर्मी से पतासाजी की जा रही है। आरोपियों को जल्द पकड़ने के लिए पुलिस सारे प्रयास कर रही है।
-कमलेश साहू, टीआई सिविल लाइन