Singrauli News: सिंगरौली नगर परिषद सरई-बरगवां में स्टाफ का टोटा, कामकाज अस्त-व्यस्त
संविदा उपयंत्री के सहारे नगर परिषद का कामकाज, एक लिपिक को दो-दो नगर परिषद का प्रभार

सिंगरौली। नगर परिषद सरई एवं बरगवां के दफ्तर में स्टाफ का भारी टोटा है। दोनों दफ्तर बैसाखी के सहारे चल रहे हैं। जहां नगर परिषद क्षेत्र के कामकाज पूरी तरह से अस्त-व्यस्त है। नगर परिषद में स्टाफ के पूर्ति के लिए कोई सार्थक प्रयास नही किए जा रहे हैं। जिससे वार्डो में समस्याओं का अम्बार भी लगा हुआ है।
दरअसल नगर परिषद सरई एवं बरगवां का गठन करीब तीन साल पहले हुआ था। जहां लोगों में इस बात की खुशी थी कि नगर परिषद बरगवां एवं सरई का विकास कार्य तेजी से होगा। लेकिन क्षेत्रीय लोगों के मंशा के ठीक विपरित हो रहा है।
आलम यह है कि नगर परिषद सरई एवं बरगवां ने इंजीनियर से लेकर लिपिक भी स्थाई तौर पर नियुक्त नहीं है। दोनों दफ्तर बैसाखी के सहारे चल रहे हैं। यहां तक कि नगर परिषद बरगवां में सीएमओ भी नही है और सीएमओ बरगवां का प्रभार सरई नगर परिषद के सीएमओ के पास है। इतना ही नही दोनों नगर परिषद में इंजीनियर भी नही हैं। आउट सोर्स पर इंजीनियर नियुक्त किए गए हैं।
मजे की बात है कि एक नहीं इंजीनियर से दोनों परिषद के कामकाज लिए जा रहे हैं। यही हाल लिपिक का है। बरगवां नगर परिषद लिपिक को सरई नगर परिषद का भी अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा अन्य कई पद खाली है।
आरोप है कि जनप्रतिनिधियों के द्वारा रिक्त पदों के नियुक्ति के लिए कोई सार्थक प्रयास भी नही किए जा रहे हैं। जिसके कारण यहां के अधिकांश कामकाज काफी प्रभावित हैं। यहां रिक्त पदों की पूर्ति कब होगी इसका कोई जवाब भी उच्च स्तर से नही मिल रहा है।