Rewa News: रीवा में बम धमाके में युवक झुलसा, जांच में उलझी पुलिस

जवा पुलिस जुटी धमाके के रहस्य सुलझाने में 

 | 
Rewa

रीवा। रात में हुए बम धमाके में युवक बुरी तरह झुलस गया जिसको आनन-फानन में उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है। सूचना पर तुरंत पुलिस मौका मुआयना करने स्पाट में पहुंच गई लेकिन धमाका किस चीज में हुआ है इसके बारे में पुलिस किसी ठोस नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है।


बताया गया है कि एक युवक की फैक्ट्री में अचानक बम धमाका हुआ है। ग्राम बेलगवां थाना जवा निवासी अभिषेक पटेल 35 साल रात में अपनी फैक्ट्री में छूटा चार्जर लेने के लिए घर से वापस आया था। रात 11 बजे के आसपास अचानक उसकी फैक्ट्री में जोरदार ब्लास्ट हुआ। 


उस समय युवक फैक्ट्री के अंदर ही था जिसकी वजह से उसका पूरा शरीर जल गया। रात में धमाके से पूरे गांव में हड़कंप की स्थिति बन गई। बदहवास हालत में घर वाले पहुंचे तो युवक जली अवस्था में पड़ा था। आनन-फानन में उसको उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया।


बताया गया है कि फैक्ट्री के अंदर किस चीज में ब्लास्ट हुआ है इसके बारे में सटीक जानकारी नहीं मिल पाई है। फैक्ट्री के अदर कोई सिलेण्डर भी नहीं रखा जिसमें ब्लास्ट होने की संभावना हो।

युवक ने बताया कि रात में जब वह फैक्ट्री में गया तो पेट्रोल की स्मैल आ रही थी जिसकी वजह से किसी के द्वारा आग लगाने के प्रयास में धमाका करने की संभावना व्यक्त की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले को जांच में लिया है।


इनका कहना है-
एक फैक्ट्री में ब्लास्ट हुआ था जिसमें युवक जल गया था। उसको तुरंत उपचार हेतु अस्पताल भिजवा दिया गया। पूरे प्रकरण को विवेचना में लिया गया है। ब्लास्ट किस चीज से हुआ है इस बारे में अभी पूरी तरह से जानकारी नहीं मिल पाई है। साक्ष्यों के आधार पर संभावित कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
-कमलेश साहू, टीआई जवा