Rewa News: थाने में युवक ने खाया जहर, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती
चाकघाट थाने का था मामला, घर वालों न लेनदेन का लगाया आरोप
रीवा। बीती शाम एक युवक ने थाने के अंदर जहर खा लिया। घटना से पूरे थाने में हड़कंप की स्थिति बन गई। सूचना पर तुरंत पुलिस युवक को उपचार हेतु अस्पताल लेकर आई जिसका इलाज जारी है। वहीं घर वालों ने पुलिस पर रुपए मांगकर प्रताड़ित करने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
बताया गया है कि थाने के अंदर एक युवक ने जहर खा लिया। पुष्पराज माझी निवासी अतरसुईया थाना चाकघाट को पुलिस ने एक दिन पहले पूछतांछ हेतु थाने बुलाया था। युवके सुबह आठ बजे थाने पहुंचा और दिन भर पूछतांछ के नाम पर थाने में बैठा रहा।
घर वालों ने युवक को छोड़ने के एवज में घर वालों को रुपये की व्यवस्था करने के लिए भेज दिया जिस पर घर वाले रुपये व्यवस्था करने में लग गये। दिन भर युवक से पूछतांछ थाने में चलती रही और शाम को वह थाने में बैठा हुआ था। उसी समय युवक ने अपनी जेब से जहर निकालकर उसका सेवन कर लिया। पुलिस वालों को जहर सेवन की जानकारी हुई तो थाने में हड़कंप मच गया। उसकी हालत बिगड़ रही थी जिस पर आनन-फानन में उसे घर वाले उपचार हेतु अस्पताल लेकर भागे।
बताया गया है कि उसको पुलिस ने उपचार हेतु चाकघाट के सुमित अस्पताल में भर्ती कराया है जिसका अस्पताल में इलाज जारी है। वहीं घर वालों ने पुलिस पर रुपये मांगने का सनसनीखेज आरोप लगाया है। उनका कहना था कि जब हम गये तो युवक से मिलने नहीं दिया और हमको रुपये लाने के लिए भेज दिया। युवक को छोड़ने के लिए पुलिस 50 हजार रुपये की डिमांड कर रही थी। पुलिस की लापरवाही की वजह से यह घटना हुई है।
प्रेमिका की फोटो वायरल करने का था मामला
युवक ने अपनी प्रेमिका की फोटो वायरल की थी जिससे जुड़ा यह मामला था। लड़की से उसका प्रेम प्रसंग चलता था लेकिन लड़की दूसरी जगह शादी हो गई। शादी के बाद जब वह अपने ससुराल चली गई तो युवक ने अपने मोबाइल में रखी उसके साथ की फोटो सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। फोटो वायरल होने पर लड़की ने थाने में आकर रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने प्रकरण की विवेचना हेतु उक्त युवक को बुलाया था लेकिन बात जब पैसों के लेनदेन पर आ गई तो उसने जहर खा लिया।
थाने की कार्यप्रणाली पर सवाल
इस घटना ने थाने की कार्यप्रणाली पर सवाल खडे कर दिये है। युवक अपनी जेब में जहर की पुड़िया डाले हुए था और दिन भर वह थाने में ही मौजूद रहा। उसकी एक बार भी पुलिस ने तलाशी नहीं ली। यदि वह कोई और सामान लेकर आ जाता तब भी पुलिस इसी तरह बेबश रहती। इस घटना से थाने की कार्यप्रणली पर भी सवाल उठ रहे है।
इनका कहना है-
एक युवक के विरुद्ध लड़की ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी जिसमें उसने फोटो वायरल करने की जानकारी दी थी। दोनों पक्ष थाने आये थे और उनके पूछतांछ उपरांत उन्हें बाहर बैठने को बोला गया था। उसी समय युवक ने कुछ जहरीला पदार्थ खा लिया जिसको तुरंत उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है।
-बालकेश सिंह, थाना प्रभारी चाकघाट