Rewa News: रीवा में विश्व योग दिवस पर जगह- जगह किया गया योगाभ्यास, नशे से दूर रहने का भी लिया गया संकल्प

कई संस्थानों में  आयोजित हुए कार्यक्रम, योग के जरिए जीवन सुधारने का बना संयोग

 | 
Rewa

रीवा। विश्व योग दिवस पर शहर सहित समूचे जिले में जगह- जगह योगाभ्यास  किया गया। इस अवसर पर  नशे से दूर रहने का  संकल्प भी लिया गया। कई संस्थानों में  विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें योग के जरिए जीवन सुधारने का अच्छा- खासा संयोग बना।

 


वेंकट भवन में किया गया योगाभ्यास 

Rewa


11वें विश्व योग दिवस पर पुरातात्विक स्थल वेंकट भवन में योगाभ्यास किया गया। योग प्रशिक्षक उमा सोंधिया ने उपस्थित जनों को योग और सूर्य नमस्कार के महत्व के बारे में बताया तथा योगाभ्यास कराया। केंद्रीय संचार ब्यूरो के प्रभारी मुकेश कुमार मंडल, नेहरू युवा केंद्र के जिला युवा अधिकारी कुलदीप सिंह, पुलिस विभाग के बी. के. त्रिपाठी, राज्य आनंद संस्थान से साबिर, समाजसेवी डॉ. मुकेश येंगल तथा अन्य गणमान्य नागरिक इस अवसर पर उपस्थित रहे। 

 

सिरमौर और मनगवां विधायक ने किया योगाभ्यास 
विश्व योग दिवस पर सिरमौर में विधायक दिव्यराज सिंह एवं लालगांव में मनगवां विधायक इंजी. नरेन्द्र प्रजापति ने सामूहिक योगाभ्यास किया। इस अवसर पर क्षेत्रके जनप्रतिनिधिगण व बड़ी संख्या में स्थानीयजन उपस्थित रहे। 

आदर्श विज्ञान महाविद्यालय, रीवा
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय, रीवा में आज 11वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस गरिमामय वातावरण में उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत अतिरिक्त संचालक, उच्च शिक्षा, रीवा संभाग डॉ. आर. पी. सिंह एवं महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर एन तिवारी की उपस्थिति में हुई।

इनके अलावा डॉ डी पी शुक्ला, डॉ संतोष अग्निहोत्री, डॉ आर के तिवारी, डॉ नीलम पांडे, डॉ राजेश भारती, डॉ आरती तिवारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. आर एन तिवारी  ने सभी प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि - योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन के प्रति एक सकारात्मक दृष्टिकोण है। डॉ हबीब खान द्वारा आभार प्रदर्शन किया गया। 

शासकीय ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय, रीवा
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शासकीय ठाकुर रणमत सिंह महाविद्यालय, रीवा में सामूहिक योग अभ्यास का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. अर्पिता अवस्थी के कुशल नेतृत्व और योग शिक्षक संस्कार पाण्डेय के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. अवस्थी ने अपने वक्तव्य में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है।

भाजपा कार्यालय, रीवा 
अंतराष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल रीवा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ताने पार्टी पदाधिकरियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ  पार्टी कार्यालय अटल कुंज में योग किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने अंतरराष्ट्रीययोग दिवस की बधाई देते हुए कहा कि निरोगी काया सबसे बड़ा सुख है।

भाजपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र गुप्ता ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भारत का गौरव बढ़ाने वाला दिवस है। कार्यक्रम का संचालन योग दिवस के आयोजक नारायण मिश्र द्वारा किया गया। वहीं आभार प्रदर्शन अटल मंडल के अध्यक्ष गौरव पांडे ने किया। 

सैनिक स्कूल, रीवा 
विन्ध्य क्षेत्र की शान व देश के सर्वश्रेष्ठ विद्यालयों में से एक सैनिक स्कूल रीवा में 11 वॉं अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस अत्यन्त  उत्साह व जोश के साथ मनाया गया। सर्वप्रथम खेलकूद समन्वयक आर के गुप्ता व कार्यक्रम के समन्वयक कामेश्वर नें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की पृष्ठभूमि व महत्त्व पर प्रकाश डालते  हुए सभी को जानकारी दी।

तत्पश्चात विद्यालय के शारीरिक  शिक्षा के प्रशिक्षक हवलदार सुखविंदर सिंह व हवलदार  उमाशंकर के निर्देशन में सभी ने योग किया व योग के महत्व  को समझा। इस अवसर पर कर्नल अविनाश रावल, प्राचार्य, सैनिक स्कूल  रीवा मैडम नेहा रावल, सैनिक स्कूल रीवा की प्रथम महिला, डॉ  आर एस पाण्डेय, वरिष्ठ अध्यापक, समस्त शिक्षकगण, कर्मचारी  व छात्र उपस्थित थे।

वनस्थली स्कूल, रीवा
नगर के वनस्थली स्कूल में समस्त शिक्षकों ने योग दिवस पर  योगाभ्यास किया। विद्यालय के व्यायाम शिक्षक ने सभी को योगाभ्यास कराया और कहा कि योग शरीर को स्वस्थ रखने का सर्वोत्तम माध्यम है।

उन्होंने सभी को प्रतिदिन योगाभ्यास करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। ज्ञात हो कि विद्यालय में नियमित रूप से छात्रों की योग कक्षाएं संचालित की जाती हैं। कार्यक्रम में डायरेक्टर मनोज तिवारी, प्रधानाचार्या दीप्ती अग्रवाल संग समस्त शिक्षक और अन्य स्टाफ उपस्थित रहे।

जिला न्यायालय एवं बाल संप्रेक्षण गृह, रीवा
विश्व योग दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश राकेश मोहन प्रधान की उपस्थिति में योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर न्यायाधीश सुरेन्द्र कुमार, अन्य न्यायाधीशगण, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समीर कुमार मिश्र एवं जिला विधिक सहायता अधिकारी अभय कुमार मिश्रा ने भी योग किया।

प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश ने कहा कि योग करने से हमारा तन एवं मन दोनों स्वस्थ रहता है। निरंतर योग करने से हमारे मन में शुद्ध विचार उत्पन्न होते हैं। योगाचार्य डॉ केपी शर्मा एवं योगाचार्य अरविंद पाण्डेय द्वारा योग की क्रियाएं कराई गईं। बाल संप्रेक्षण गृह में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण समीर कुमार मिश्र की उपस्थिति में बालकों को योग कराया गया।  

केन्द्रीय जेल, रीवा

Rewa


विश्व योग दिव के अवसर पर केन्द्रीय जेल में भारतीय मानवाधिकार एसोसिएशन एवं दिव्य बुद्ध योग संस्थान के संयुक्त तत्वाधान में योग शिविर का आयोजन किया गया। जेल परिसर में जेल कर्मचारीगण तथा बंदियों ने योग की विभिन्न क्रियाएं की।

उप जेल अधीक्षक संजीव कुमार गेंदले द्वारा योग, प्राणायाम के महत्व के साथ-साथ स्वास्थ्य लाभ लेने के तरीके एवं नियमित दिनचर्या के संबंध में जानकारी देकर बंदियों को जागरूक किया। कार्यक्रम में योगाचार्य डॉ अजय कुमार, ध्रुव कुमार मिश्रा, प्रभाकर मिश्रा, डॉ सरोज सोनी, अनीषमणि पाण्डेय, सहायक जेल अधीक्षक श्याम सिंह कुशवाह सहित स्टाफ व बंदी उपस्थित रहे। 

नगर पालिक निगम, रीवा

Rewa


21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम रीवा द्वारा शहर के चार प्रमुख स्थलों विवेकानन्द पार्क, अटल पार्क, विश्वेश्वरैया पार्क एवं शिवाजी पार्क में सफलतापूर्वक योग अभ्यास का आयोजन किया गया।

इस वर्ष की थीम 'एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य के लिए योग' को आत्मसात करते हुए निगमायुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे के निर्देशानुसार इन स्थलों पर आयोजन किया गया। प्रात:काल से ही योगाभ्यास कार्यक्रम आरंभ हुआ।  कार्यक्रम में नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों सहित सैकड़ों नागरिकों ने सामूहिक रूप से योग करके स्वास्थ्य, संतुलन एवं मानसिक शांति का संदेश दिया।