Rewa News: रीवा के डालमिया सीमेंट प्लांट में ऊंचाई से गिरा श्रमिक, गंभीर

जबलपुर अपोलो हॉस्पिटल में चल रहा इलाज, परिजनों-जनप्रतिनिधियों ने डालमिया प्रबंधन पर लगाए आरोप

 | 
Rewa

रीवा। नौबस्ता स्थित डालमिया कंपनी द्वारा श्रमिकों से फैक्ट्री के अंदर बिना सुरक्षा उपकरण के काम कराया जा रहा है, जिसकी वजह से शनिवार को एक कर्मचारी काफी ऊंचाई से नीचे गिर गया। वह बुरी तरह जख्मी हुआ था जिसको आनन-फानन में उपचार हेतु अस्पताल लाया गया। काफी ज्यादा चोट होने की वजह से जबलपुर रेफर किया गया है।  यह जानकारी जख्मी कर्मचारी के परिजनों ने देते हुए प्रबंधन पर आरोप लगाए हैं। वहीं डालमिया प्रबंधन ने कहा है कि वे घायल कर्मी के उपचार के लिए सारे प्रयास कर रहे हैं।


बताया गया है कि डालमिया सीमेंट प्लांट में काफी ऊंचाई से गिरकर एक कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक श्रमिक अनिल कुमार सेानी पिता रामखेलावन सोनी निवासी नादन जिला मैहर डालमिया सीमेंट प्लांट में काम कर रहे थे। वरिष्ठ अधिकारियों ने उनको सैलों के ऊपर चढ़ा दिया था। जैसे ही उन्होंने लकड़ी के पटरे में पैर रखा तो सड़ा पटरा टूट गया और वे नीचे गिर गये। इस घटना में उनको काफी ज्यादा चोट आई। 


हादसा देखकर वहां काम करने वाले दूसरे कर्मचारी दौड़े। आनन-फानन में श्रमिक को उपचार हेतु अस्पताल लाया गया। श्रमिक को काफी ज्यादा चोट थी और हालत गंभीर होने की वजह से उनको उपचार हेतु जबलपुर अपोलो हॉस्पिटल भेज दिया गया है। जहां उनका उपचार जारी है। वहीं घायल श्रमिक और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाये हैं।

इस मामले में डालमिया प्रबंधन ने पीआर एजेंसी के जरिए कहा है कि प्लांट रॉ मिल यूनिट-1 में घायल कर्मचारी अनिल सोनी के इलाज पर प्रबंधन लगातार नजर बनाए हुए है और घायल कर्मचारी और उनके परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध करा रही है।