Rewa News: रीवा जिले में समर्थन मूल्य पर गेंहू उपार्जन 5 मई तक

गेंहू उपार्जन के लिए किसान 30 अप्रैल तक ही बुक कर सकते हैं स्लॉट

 | 
Rewa

रीवा। जिले में निर्धारित खरीदी केन्द्रों में पंजीकृत किसानों से गेंहू का उपार्जन किया जा रहा है। शासन द्वारा गेंहू उपार्जन के लिए 5 मई अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में कलेक्टर प्रतिभा पाल ने उपार्जन की समीक्षा की। 


बैठक में कलेक्टर ने कहा कि पंजीकृत किसान 30 अप्रैल तक स्लॉट बुक करके निर्धारित खरीदी केन्द्रों में गेंहू दे सकते हैं। स्लॉट बुक करने की सुविधा 30 अप्रैल के बाद उपलब्ध नहीं होगी। जो किसान समर्थन मूल्य पर गेंहू देना चाहते हैं वे 30 अप्रैल तक स्लॉट अवश्य बुक करा लें। 


जिले में अब तक समर्थन मूल्य पर 53329.4 टन हुई गेंहू की खरीद
किसानों को उनकी उपज का अधिकतम मूल्य देने के लिए निर्धारित समर्थन मूल्य पर पंजीकृत किसानों से गेंहू का उपार्जन किया जा रहा है। अब तक 9773 किसानों से 53329.4 मीट्रिक टन गेंहू का उपार्जन किया गया है। गेंहू उपार्जन की अंतिम तिथि 5 मई है।

इस संबंध में जिला आपूर्ति अधिकारी कमलेश तांडेकर ने बताया कि उपार्जित गेंहू में से 25713.57 टन गेंहू का परिवहन करके सुरक्षित भण्डारण कराया जा चुका है। अब तक किसानों को 129 करोड़ 32 लाख रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। गेंहू उपार्जन के लिए अब तक 15714 किसानों ने स्लॉट बुक किए हैं। स्लॉट बुक करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल है। उपार्जन के लिए सभी खरीदी केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में बारदाने उपलब्ध करा दिए गए हैं।  

     
सभी किसानों की फार्मर आईडी अनिवार्य रूप से बनाएं: कलेक्टर
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने तहसीलदारों को निर्देश देते हुए कहा है कि जिले के सभी किसानों की फार्मर आईडी अनिवार्य रूप से बनाएं। जिले में अब तक एक लाख 51 हजार 72 किसानों की फार्मर आईडी बनाई गई है। शेष किसानों की भी फार्मर आईडी शीघ्र बनवाएं। 


भारत सरकार की कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की एग्रीस्टेक योजना के तहत किसानों की फार्मर आईडी बनाई जा रही है। इससे प्रत्येक भूमि स्वामी किसान को एक यूनिक आईडी नम्बर प्राप्त होता है। इसके माध्यम से किसानों को सरलता से किसान क्रेडिट कार्ड ऋण तथा अन्य सुविधाएं प्राप्त होंगी। हितग्राही मूलक योजनाओं का लाभ लेने में भी किसानों को सरलता होगी। शेष बचे किसानों की फार्मर आईडी अनिवार्य रूप से बनवाएं।