Rewa News: रीवा रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव के समापन दिवस पर पर्यटन विकास के विभिन्न आयामों पर हुई चर्चा

क्षेत्र के विकास के लिए पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत किया जाना आवश्यक: राजेन्द्र्र शुक्ल

 | 
REwa

रीवा। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए पर्यटन अधोसंरचना को मजबूत किया जाना आवश्यक है। शिक्षा, स्वास्थ्य की सुविधाओं की पूर्ति करते हुए पर्यटन के विकास से रोजगार सृजित होंगे और विन्ध्य उन्नति के शिखर पर होगा। उप मुख्यमंत्री ने उक्त उद्गार रीजनल टूरिज्म कॉन्क्लेव के समापन दिवस पर आयोजित प्रथम सत्र में व्यक्त किए। 

 


विश्व प्रसिद्ध है रीवा का सफेद बाघ
कृष्णा राजकपूर आडिटोरियम में रीवा के पर्यटन में वन्य एवं हेरीटेज विषय पर आयोजित प्रथम सत्र में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में जंगल की अधिकता है। यहाँ टाइगर रिजर्व, वन्य अभयारण्य तथा राष्ट्रीय उद्यान है। रीवा का सफेद बाघ विश्व प्रसिद्ध है। 

 


उन्होंने निवेशकों का आह्वान किया कि रीवा एवं विन्ध्य में पर्यटन की अपार संभावनाओं को दृष्टिगत रख आगे आएं। शासन स्तर से विशिष्ट अनुभव व सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ने रीजनल इन्वेस्टर कॉन्क्लेव की सफलता के बाद रीजनल पर्यटन कॉन्क्लेव का आयोजन आरंभ किया है। विन्ध्य से इसकी शुरुआत हुई है। इससे पर्यटन में वृद्धि के साथ सभी हितधारकों में जागरुकता पैदा होगी। 

 


उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि ऐसी परिस्थिति तंत्र बनाना जहाँ निवेश सुरक्षित हो, प्रक्रिया सुगम हो तथा विकास समावेशी हो। श्री शुक्ल ने कहा कि नदियों को जोड़ने से बाढ़ की संभावना नहीं रहती इस दिशा में प्रयास जारी है।

 


हेलीसर्विस: पर्यटन को बढ़ावा देने की ओर एक कदम
इस अवसर पर पर्यटन एवं संस्कृति राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेन्द्र सिंह लोधी ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को बढ़ाने के विभिन्न प्रयास किए जा रहे हैं। हेलीसर्विस भी इस दिशा में एक कदम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश उत्तरदायी व सुरक्षित पर्यटन में प्रथम स्थान पर है। उन्होंने कहा कि उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल के नेतृत्व में विन्ध्य विकास के साथ पर्यटन की ऊंचाईओं को छुएगा। श्री लोधी ने निवेशकों को निवेश के लिए आमंत्रित किया तथा कहा कि प्रदेश सरकार हर संभव मदद के लिए संकल्पित है।


 प्रमुख सचिव पर्यटन शिव शेखर शुक्ल ने कहा कि प्रदेश में पुरातत्व संरक्षित है जरूरत है कि इसे संवार कर दुनिया को दिखाया जाए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में पर्यटन को बढ़ावा देने के सभी स्तर पर कार्य हो रहे हैं। पर्यटन व संस्कृति मुख्यमंत्री के मन में बसती है। 


15 वर्षों में रीवा का बेहतर स्वरूप मिलेगा: डिप्टी सीएम 
उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल रीवा के विकसित व व्यवस्थित करने के लिए अनेक कार्य कर रहे है आने वाले 15 वर्षों में रीवा का बेहतर से बेहतर स्वरूप देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि माँ गंगा से माँ नर्मदा तक थीम पर श्रद्धालुओं को रीवा होकर मध्यप्रदेश आने का आमंत्रण है। रीजनल पर्यटन कान्क्लेव के समापन दिवस पर आयोजित तीन सत्रों में पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह भी द्वितीय सत्र में उपस्थित रहे। 


समग्र पर्यटन पर हुआ विचार विमर्श 
इस दौरान समग्र पर्यटन अनुभव विषय पर विस्तार से विचार विमर्श हुआ। इस दौरान राज्य पर्यटन विकास बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी ने अतिथियों को पर्यटन की संभावनाओं से परिचित कराया। समापन दिवस पर आयोजित सत्रों में डेलीगेट्स राकेश माथुर, रिषी सूर्या पुरी, अतुल पाण्डेय, डॉ. अनुपम सहाय, समीर बजाज, रोहित चोपड़ा, अनिल अग्रवाल, सिद्धर्थ जोशी, गजेन्द्र सिंह, अमित दिग्विजय सिंह, महेन्द्र प्रताप सिंह तथा फिल्म कलाकार मुकेश तिवारी में अपने विचार व्यक्त किए। इस दौरान अतिरिक्त प्रबंध संचालक विदिशा मुकर्जी ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम में विभिन्न प्रदेशों से आए प्रतिनिधियों ने अपने सुझाव दिए। पर्यटन मंत्री ने प्राप्त सुझावों को सूचीबद्ध करने के निर्देश दिए। 


ये रहे उपस्थित
इस दौरान कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी राजेश सिंह, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, आयुक्त नगर निगम डॉ. सौरभ सोनवणे सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर सहित प्रशासनिक अधिकारी व प्रतिभागी उपस्थित रहे। 

विन्ध्य में तीन हजार करोड़ के निवेश से होगा पर्यटन का विकास

Rewa

कॉन्क्लेव में पर्यटन व्यवसाय से जुड़े 600 से अधिक प्रतिनिधियों ने भागीदारी निभाई। कॉन्क्लेव में रीवा और शहडोल संभाग के पर्यटन स्थलों में लगभग तीन हजार करोड़ के निवेश के प्रस्ताव पर्यटन विकास निगम को मिले हैं। विन्ध्य में हवाई सेवा के विस्तार के लिए फ्लाई ओला के मैनेजिंग डायरेक्टर श्रीराम ओला ने 700 करोड़ रुपए के निवेश की इच्छा व्यक्त की है। कॉन्क्लेव में आरसीआरसीपीएल और विन्ध्य प्राइड के संचालक दिव्यांश सिंह बघेल ने 500 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव रखा है। विन्ध्य में पर्यटन के विकास के लिए अमित दिग्विजय सिंह ने 500 करोड़ रुपए तथा समदड़िया बिल्डर्स ने 300 करोड़ रुपए का प्रस्ताव प्रस्तुत किया है।


पर्यटन कॉन्क्लेव में विन्ध्य के पर्यटन स्थलों में मूलभूत सुविधाओं, होमस्टे, एडवेंचर्स गेम, वाटर गेम, होटल निर्माण तथा रिसॉर्ट के विकास के भी कई प्रस्ताव मिले हैं। जंगल कैंप इंडिया के संचालक गजेन्द्र सिंह राठौर ने 150 करोड़, गौरव प्रताप सिंह ने 100 करोड़ तथा पुष्पराज सिंह ने 100 करोड़ का प्रस्ताव प्रस्तुत किया है।


 राजस्थान फोर्ट एण्ड पैलेस के मैनेजिंग डायरेक्टर मानवेन्द्र सिंह शेखावत ने हेरिटेज प्रापर्टी के क्षेत्र में 100 करोड़ रुपए के निवेश की मंशा जाहिर की है। अनुज प्रताप सिंह ने 80 करोड़ तथा अनिल अग्रवाल ने 150 करोड़ रुपए के निवेश प्रस्ताव कॉन्क्लेव में प्रस्तुत किए। इसके अलावा भी अनेक निवेशकों ने पर्यटन क्षेत्र से जुड़ी सुविधाओं के विकास के लिए निवेश की मंशा जाहिर की है। 


पर्यटन के क्षेत्र में बड़े निवेश से रीवा और शहडोल क्षेत्र में उपलब्ध पर्यटन की संभावनाएं फलीभूत होंगी। यहाँ के प्राकृतिक सौंदर्य, वन्यप्राणियों, सांस्कृतिक विरासत, लोक कला और ग्रामीण पर्यटन को विकास का अवसर मिलेगा। पर्यटन के क्षेत्र में बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर सृजित होंगे।