Rewa News: रीवा में बोले केन्द्रीय गृहमंत्री- बसामन मामा प्राकृतिक खेती बनेगी किसानों के लिए मार्गदर्शक
हर व्यक्ति पीपल के पांच पौधे लगाने की दिलाई शपथ, देश में 40 लाख से अधिक किसान प्राकृतिक खेती से कमा रहे हैं लाभ
प्रदेश में दूध उत्पादन 9 से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक ले जाएंगे: मुख्यमंत्री
रीवा। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने रीवा जिले के बसामन मामा गौ वन्य विहार अभ्यारण्य में प्राकृतिक खेती के प्रकल्प का शुभारंभ किया। गृहमंत्री श्री शाह ने किसान सम्मेलन में कहा कि आज देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म जयंती है। अटल सुशासन और राष्ट्रीयता के प्रतीक थे। वह जो कहते थे उसे करके दिखाते थे। ऐसे व्यक्ति विरले ही होते हैं।
अटल को विंध्य क्षेत्र बहुत प्रिय था। विंध्य की गोद में बसे रीवा में तेजी से विकास हो रहा है। एशिया का सबसे बड़ा सोलर प्रोजेक्ट रीवा में ही है। यहां फोरलेन सड़कें और 24 घंटे सेवा देने वाला एयरपोर्ट है।

केन्द्रीय गृहमंत्री ने कहा कि रीवा में बेसहारा गायों को आश्रय देने के लिए बनाए गए बसामन मामा गौ अभ्यारण्य में प्राकृतिक खेती के नए प्रयोग शुरू किए गए हैं। यहां विकसित किया जा रहा प्राकृतिक खेती का प्रकल्प किसानों के लिए मार्गदर्शक बनेगा।
40 लाख से अधिक किसानों ने अपनाई प्राकृतिक खेती
धरती माता के स्वास्थ्य की रक्षा और अपने स्वास्थ्य की रक्षा के लिए प्राकृतिक खेती ही एकमात्र विकल्प है। प्राकृतिक खेती को हर किसान अपनाए। इसमें उत्पादन कम नहीं होता है। देश के 40 लाख से अधिक किसान प्राकृतिक खेती को अपना चुके हैं। प्राकृतिक और जैविक खेती से उत्पन्न अनाज, फल और सब्जियां केमिकल से मुक्त और हमारे स्वास्थ्य के लिए लाभदायक होती हैं।
400 से अधिक लैब करेंगी कार्य

केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा कि जैविक उत्पादों के प्रमाणीकरण के लिए देश में शीघ्र ही 400 से अधिक लैब कार्य करने लगेंगी। सहकारी संस्थाओं के माध्यम से जैविक उत्पादों के प्रमाणीकरण, पैकेजिंग और विपणन की व्यवस्था की जा रही है। बसामन मामा गौ वन्य विहार में जो एक्युरेशन फार्म स्थापित किए जा रहे हैं उन्हें भी बसामन मामा प्रकल्प के रूप में जाना जाएगा।
गृहमंत्री ने कहा कि पर्यावरण का संरक्षण करना हम सबकी जिम्मेदारी है। बसामन मामा ने पीपल के वृक्ष की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान कर दिया। हम सब अगली बरसात में कम से कम पांच पीपल के पौधे रोपित करके बसामन मामा को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करें। पीपल ऑक्सीजन का सबसे बड़ा स्रोत है।
दुग्ध उत्पादन में विशेष ध्यान

समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारे केन्द्रीय गृहमंत्री ने 33 साल पहले सफल्तापूर्वक जैविक और प्राकृतिक खेती का प्रयोग किया था। हमारी सरकार प्राकृतिक और जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। खेती के साथ-साथ किसान की आय बढ़ाने के लिए दूध उत्पादन बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
प्रदेश का दुग्ध उत्पादन अगले 5 सालों में 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत तक करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए हम घर-घर में गौपालन को बढ़ावा देने के लिए गोपाल बनाएंगे। आज अटल जी का जन्मदिन है। जिन्होंने हमारी पार्टी की नींव रखी। केंद्रीय गृहमंत्री के नेतृत्व में हमारी पार्टी दुनिया की सबसे बड़ी लोकतांत्रिक पार्टी बनी।
रीवा को प्राकृतिक खेती में बनाएंगे अव्वल: डिप्टी सीएम

समारोह में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्राकृतिक खेती के संकल्प से बसामन मामा गौ अभ्यारण्य में प्राकृतिक खेती के प्रकल्प को जन्म दिया। यहां किसानों को प्रशिक्षण देकर प्राकृतिक खेती को लगातार बढ़ावा दिया जा रहा है। रीवा को हम प्राकृतिक खेती में अव्वल जिला बनाएंगे।
बसामन मामा गौ अभ्यारण्य बेसहारा गायों को आश्रय देने के साथ प्राकृतिक खेती के मॉडल के रूप में विकसित हो रहा है। देश के गृहमंत्री ने यशस्वी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में नक्सलवाद का सफाया किया है।
सम्मेलन में विधायक तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि आज का दिन रीवा के लिए गौरव का दिन है। अटल के जन्मदिन पर प्राकृतिक खेती के प्रकल्प का शुभारंभ किया गया है।
केंद्रीय गृहमंत्री श्री शाह ने बसामन मामा पहुंचकर प्राकृतिक खेती के प्रकल्प का शुभारंभ किया। केंद्रीय मंत्री ने गौशाला में विकसित किए जा रहे प्राकृतिक खेती के विभिन्न मॉडलों का अवलोकन किया।
कल्पवृक्ष का पौधा रोपण किया

श्री शाह ने बसामन मामा में कल्पवृक्ष का पौधा रोपित किया। उन्होंने प्राकृतिक खेती के प्रकल्प के विषय में किए जा रहे नवाचारों की भी जानकारी ली। गृहमंत्री ने 60 तरह के बीजों, गोमूत्र तथा गोबर से बनाए गए कीटनाशक एवं खाद अंतर्वरतीय फसलों, फाइव लेयर में की जा रही खेती, औषधीय पौधों की खेती, तथा फल उद्यान का अवलोकन किया।
गृहमंत्री ने अभ्यारण्य की गायों का दर्शन किया

गृहमंत्री ने गौ अभ्यारण्य की गायों का दर्शन किया तथा गौ पूजन करके गौ ग्रास खिलाया। गृहमंत्री ने बसामन मामा गौ अभ्यारण्य में गौमाता की सेवा और प्राकृतिक खेती के लिए किए जा रहे प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। सम्मेलन में गृहमंत्री ने प्राकृतिक और जैविक खेती करने वाले दो किसानों भूपेन्द्र सिंह तथा विवेक सिंह भदौरिया को संकल्प पत्र देकर सम्मानित किया।

ये रहे उपस्थित
किसान सम्मेलन में जिले के प्रभारी मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल मंत्री पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम, लखन पटेल राज्यमंत्री पशुपालन एवं डेयरी, सांसद जनार्दन मिश्र, विधायक गुढ़ नागेन्द्र सिंह, विधायक सिरमौर दिव्यराज सिंह, विधायक मनगवां नरेन्द्र प्रजापति, विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष नीता कोल भाजपा के प्रदेश प्रभारी महेन्द्र सिंह, जिला भाजपा अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता तथा स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

समारोह में सचिव कृषि विभाग निशांत वरबड़े, आईजी गौरव राजपूत, मुख्य वन संरक्षक राजेश राय, कलेक्टर प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान अन्य अधिकारी तथा हजारों की संख्या में किसान एवं आमजन उपस्थित रहे।