Rewa News: हर घर तिरंगा अभियान में रीवा से पुरवा तक निकाली गई तिरंगा कार रैली

पुरवा जलप्रपात में गूंजे देशभक्ति के नारे, संभागायुक्त सहित अधिकारियों ने की साफ-सफाई

 | 
Rewa

रीवा। संभाग के सभी जिलों में हर घर तिरंगा अभियान तथा हर घर स्वच्छता अभियान जोर-शोर से चलाया जा रहा है। शासन के निर्देशों के अनुरूप रीवा जिले के विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल पुरवा जलप्रपात में हर घर तिरंगा अभियान के तहत साफ-सफाई की गई। देशभक्ति के नारों के साथ परिसर में तिरंगा रैली निकाली गई।

 


रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद के नेतृत्व में अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक घंटे तक स्वच्छता के लिए स्वेच्छा से श्रमदान किया। जलप्रपात परिसर से भारी मात्रा में कचरा एकत्रित करके उसे कचरा गाड़ी के माध्यम से सुरक्षित निपटान के लिए भेजा गया।

 


 कार्यक्रम का आयोजन जिला पर्यटन विकास समिति तथा ग्रामीण विकास विभाग द्वारा किया गया। इसके पूर्व रीवा से कमिश्नर श्री जामोद के नेतृत्व में संभागीय अधिकारियों ने तिरंगा कार रैली में शामिल होकर रीवा से पुरवा जलप्रपात पहुंचे।

Rewa

कमिश्नर ने कहा कि देश को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए सभी नागरिकों का स्वस्थ रहना आवश्यक है। हमारे घर और परिवेश स्वच्छ रहेंगे तभी हम स्वस्थ रहेंगे। पुरवा जलप्रपात जैसे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों में अच्छी साफ-सफाई इनके सौंदर्य को दुगना कर देती है। इन स्थानों को साफ-सुथरा रखना हम सबकी जिम्मेदारी है।

Rewa

पर्यटन स्थलों में हम किसी भी तरह की गंदगी न फैलाएं। रैली में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, एसडीएम सिरमौर पीके पाण्डेय, संयुक्त आयुक्त सुदेश मालवीय, डिप्टी कमिश्नर श्रेयस गोखले तथा बड़ी संख्या में संभागीय अधिकारी, जिला अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।  


निकली तिरंगा रैली, गौ अभ्यारण्य में की गौ पूजा

Rewa

हर घर तिरंगा अभियान के तहत बसामन मामा गौ अभ्यारण्य में तिरंगा रैली निकाली गई। रैली के समापन के बाद कमिश्नर श्री जामोद तथा जिला पंचायत अध्यक्ष ने गौ पूजन करके गायों का सम्मान किया। गाय को गुड़, चना और ताजी घास खिलाई गई।