Rewa News: रीवा में लापता युवक की नदी में लाश मिली, दिमागी हालत थी खराब
जवा पुलिस स्पॉट में पहुंची, मर्ग कायम कर डायरी सिरमौर थाने भेजा
रीवा। गत दिवस लापता हुए मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक की लाश आज नदी में मिली है। उसकी लाश को देखकर लोगों ने पुलिस को सूचना दी जिस पर तुरंत पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई। घर वालों को खबर दी गई और लाश को पोस्टमार्टम हेतु अस्पताल भिजवा दिया गया। उसकी मानसिक स्थिति सही नहीं थी जिस पर आत्महत्या का संदेह व्यक्त किया जा रहा है। पुलिस ने घटना को जांच में लिया है।
बताया गया है कि लापता युवक की लाश नदी में बरामद हुई है। अखिलेश चर्मकार निवासी बरहुला थाना जवा की मानसिक हालत ठीक नहीं थी। गत दिवस घर वाले उसको इलाज के लिए रीवा लेकर आए थे। वापस लौटते समय बरदहा घाटी के पास घर वालों ने अपने वाहन को रोका। तभी युवक गाड़ी से कूदकर जंगल की तरफ भाग गया।
उसकी तलाश में घर वाले भी पीछे-पीछे भागे लेकिन काफी प्रयास के बाद भी युवक का कोई पता नहीं लगा पाए। थकहार कर उन्होंने सिरमौर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई जिस पर पुलिस भी उसकी पताशाजी करने में लगी हुई थी।
बताया गया है कि युवक की लाश आज ग्राम झलवा थाना जवा में टमस नदी में मिली है। दोपहर कुछ लोग नदी में गए थे जिन्होंने किनारे फंसी युवक की लाश देखी और पुलिस को सूचना दे दी। तुरंत पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई। आसपास के लोगों के साथ मिलकर लाश को बाहर निकलवाया गया।
पहचान होने पर घर वालों को खबर दी गई जिस पर घर वालों ने पहुंचकर युवक की पहचान की। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। मर्ग कायम कर पुलिस ने घटना को जांच में लिया है। टीआई कमलेश साहू ने बताया कि एक युवक की लाश नदी में मिली है जो सिरमौर से गायब था। पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया।
हादसा या आत्महत्या की संभावना की जांच कर रही पुलिस
युवक की मानसिक हालत सही नहीं थी जिससे घटना के कारण पता नहीं चल पाए है। युवक ने या तो नदी में कूदकर अपनी जान दी थी या फिर वह पानी पीने के दौरान दुर्घटनावश पानी में डूब गया होगा जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस उसके डूबने के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।