Rewa News: रीवा में कार्डियक अरेस्ट के चलते छात्र की मृत्यु

चोरहटा पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा

 | 
Rewa

रीवा। हॉस्टल में कार्डियक अरेस्ट के चलते छात्र की मौत हुई है। जानकारी के मुताबिक, सूर्यांश गुप्ता 13 साल निवासी जवा विगत दो साल से रीवा के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। वह कक्षा छटवीं का छात्र था। बीती रात उसने दूसरे बच्चों के साथ खाना खाया और रात में अपने कमरे में सोने चला गया। सुबह वह अपने बिस्तर से नहीं उठा। उसके साथ रहने वाले छात्रों ने उसे उठाने का काफी प्रयास किया लेकिन वह नहीं जागा। 


हॉस्टल स्टाफ को खबर मिलने पर बच्चे को आनन-फानन में संजय गांधी स्मृति चिकित्सालय लाया गया जहां डॉक्टर्स ने जांच उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। 


स्कूल प्रबंधन और मृतक के सहपाठियों के मुताबिक सूर्यांश सोमवार को रोज की तरह पढ़ रहा था, उसने बच्चों के साथ प्रतिदिन की तरह खाना खाया, उसका बात व्यवहार भी पूरी तरह सामान्य था। रात में वह रोज की तरह बिस्तर पर सोने गया था। 


बताया गया है कि सूचना पर टीआई चोरहटा खुद अस्पताल पहुंचे और परिजनों से पूरे घटनाक्रम के संबंध में बातचीत की। पुलिस ने पोस्टमार्टम उपरांत लाश घर वालों को सौंप दिया है।


इनका कहना है -
हॉस्टल में रहकर छात्र पढ़ाई करता था। बीती रात वह खाना खाकर बिस्तर में सोया था और आज सुबह नहीं उठा। उसको तुरंत उपचार हेतु अस्पताल लाया गया था। प्रारंभिक जांच में कार्डियक अरेस्ट से बच्चे की मौत होने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
- पवन शुक्ला, टीआई चोरहटा