Rewa News: रीवा में खाद के लिए मची भगदड़, पांच महिलाएं घायल

सिरमौर के उमरी सोसायटी का मामला, घायल महिलाओं को भिजवाया गया हॉस्पिटल

 | 
Rewa

रीवा। वितरण केन्द्रों में खाद के लिए मारामारी कम होने का नाम नहीं ले रही है। प्रशासन जितनी खाद बांट रहा है उससे ज्यादा केन्द्रों में भीड़ बढ़ रही है। ऐसी स्थिति में खाद के लिए हाहाकार मचा हुआ है।

सिरमौर के वितरण केन्द्र में मंगलवार को भगदड़ में आधा दर्जन महिलाएं जख्मी हो गई जिनको तुरंत उपचार हेतु अस्पताल भिजवाया गया है। बाद में पुलिस ने भीड़ को संभाला तो स्थिति कंट्रोल में आई।


बताया गया है कि समितियों में खाद के लिए मारामारी मची हुई है। खरीफ फसलों की बोनी के लिए किसानों को खाद की आवश्यकता है लेकिन खाद की किल्लत कम होने का नाम नहीं ले रही है। सभी वितरण केन्द्रों के बाहर लोगों की अच्छी खासी भीड़ एकत्र रहती है। 


दो बोरी खाद के लिए किसान पूरी रात लाइन में लगे रहते है और उनको खाद नहीं मिल पा रही है। ऐसी स्थिति में किसानों को भी खासी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उमरी वितरण केन्द्र सिरमौर में मंगलवार को भगदड़ के हालात बन गए। यहां पर पांच हजार से ज्यादा किसान खाद के लिए आ गए थे। 


बताया गया है कि अचानक यहां पर गेट खोला गया जिससे एक साथ हजारों किसान टूट पड़े। खाद के लिए मची भगदड़ ने भीड़ में मौजूद महिलाओं को कुचल दिया। करीब पांच महिलाएं भीड़ में कुचल गई जो बुरी तरह घायल हो गईै।

वहां मौजूद पुलिस बल ने तत्काल स्थिति को संभाला और बाद उनको उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया गया। उसके बाद वितरण केन्द्र में सिरमौर, बैकुंठपुर और सेमरिया की पुलिस को तैनात किया गया। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी पुलिस बल ने मोर्चा संभाला और उसके बाद खाद का वितरण किया गया।


प्रशासन ने भगदड़ से किया इंकार
उधर उमरी केन्द्र में भगदड़ की बात से प्रशासन ने इंकार किया है। प्रशासन ने यहां पर गर्मी और उमस की वजह से दो महिलाओं के बेहोश होने की जानकारी दी है जिसके बाद महिलाओं को अस्पताल भिजवाया गया है। उक्त महिलाएं पूरी तरह से स्वस्थ्य बताई जा रही है और इसकी अधिकृत सूचना भी प्रशासन ने जारी की है।


गुढ़ में पटवारी की तबियत हुई खराब
इस भीषण गर्मी और उमस के बीच खाद के लिए किसानों सहित ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को भी मुश्किलें उठानी पड़ रही है। गुढ़ वितरण केन्द्र में ड्यूटी कर रही पटवारी की अचानक तबियत अचानक खराब हो गई थी जिसके बाद पटवारी को उपचार हेतु अस्पताल लाया गया हे। गर्मी की वजह से उनकी तबियत खराब होने की जानकारी दी गई है।


करहिया मंडी में हजारों किसानों की भीड़

Rewa

शहर की करहिया मंडी में भी खाद वितरण के लिए हजारों किसानों की भीड़ मंगलवार को एकत्र हो गई थी। यहां पर किसानों की अच्छी खासी भीड़ खाद लेने के लिए पहुंच गई थी जिसकी वजह से कई थानों की पुलिस यहां पर तैनात करनी पड़ी। 


भीड़ इतनी ज्यादा थी कि उसको कंट्रोल करने में अधिकारियों के पसीने छूट गए। खुद तहसीलदार यहां पर खाद वितरण के लिए मौजूद थे। खाद वितरण की व्यवस्था बनाने में पुलिस को भी अच्छी खासी मशक्कत करनी पड़ी। शाम को खाद वितरण बंद होने के बाद भी बड़ी संख्या में किसान यहां पर मौजूद थे।


इनका कहना है-
जिले में खाद का समुचित वितरण किया जा रहा है। 5 डबल लॉक सेंटरों, 2 इको बाजार सेंंटर व 37 समितियों में खाद बांटी जा रही है। किसानों को आगामी दो दिनों तक के लिए टोकन जारी कर दिए गए हैं। सभी किसानों को खाद का वितरण किया जाएगा।
-डॉ. सौरभ सोनवड़े, प्रभारी कलेक्टर