Rewa News: रीवा के सोहागी पहाड़ में एक्सीडेंट के कारणों का पता लगाने पहुंचे एसपी
पहाड़ में एक्सीडेंट के प्वाइंटों का किया निरीक्षण, रोकथाम के कड़े निर्देश

रीवा। सोहागी पहाड़ में लगातार हो रहे एक्सीडेंट को रोकने के लिए अब खुद पुलिस कप्तान ने मोर्चा संभाल लिया है। एक्सीडेंट की रोकथाम हेतु रविवार को खुद एसपी पहाड़ में पहुंचे और उन्होंने सभी प्वाइंटों का बारीकी से निरीक्षण कर एक्सीडेंट के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया। उन्होंने पुलिस को सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए कड़े शब्दों में निर्देश जारी किए है।
बताया गया है कि सोहागी पहाड़ में लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही है। सबसे बड़ी समस्या ट्रक है जो काल बनकर पहाड़ से नीचे उतरते है और एक झटके में जिंदगियों को निगल जाते है। इन दुर्घटनाओं ने अब पुलिस को भी चिंता में डाल दिया है।
सड़क दुर्घटनाएं रोकने के लिए अब खुद पुलिस कप्तान ने मोर्चा संभाल लिया है। एसपी विवेक सिंह रविवार को सुबह सोहागी पहाड़ में पहुंचे और सोहागी पुलिस के साथ पहाड़ का निरीक्षण किया। पहाड़ से उतरते समय किन-किन प्वाइंटों में खतरा रहता है और वहां किन कारणों की वजह से एक्सीडेंट हो रहे है इस बात का पता लगाने का प्रयास किया।
बताया गया है कि एसपी ने हर एक व्यक्ति को चेक किया है जिससे काफी कमियां सामने आई है। इन कमियों को सुधार हेतु उन्होंने निर्देशित किया है। इसके अलावा उन्होंने पहाड़ में वाहन चेकिंग लगाकर गुजरने वाले वाहन चालकों को जागरुक करने के लिए बोला है जिससे उनको पहाड़ की खतरनाक स्थिति का पता चल सके और वे आराम से वाहन चलाए। इसके अलावा जो वाहन चालक नियमों को तोड़ रहे है या फिर शराब पीकर वाहन चला रहे है उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।
सात लोगों की हो चुकी है मौत
सोहागी पहाड़ में पन्द्रह दिन पूर्व सात लोगों की मौत हो चुकी है। गंगा दशहरा के दिन प्रयागराज से स्नान करके वे लोग ऑटो से वापस आ रहे थे जिन पर ट्रक में पलटने से उसमें लोड सीमेंट की सीट गिर गई। इसकी वजह से ऑटो में बैठे सात लोगों की मौत हेा गई थी। इस घटना ने एक बार फिर सोहागी पहाड़ की कमियों को सामने ला दिया। प्रशासन की जबरदस्त किरकिरी हुई थी जिसकी वजह से पहाड़ में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रयास किए जा रहे है।
इनका कहना है-
सोहागी पहाड़ में आए दिन होने वाली एक्सीडेंट की घटनाओं में रोक लगाने हेतु आज पहाड़ का निरीक्षण किया गया है। जो भी कमियां पता चली है उनको दूर करने के लिए प्रयास किया जा रहा है। इसके साथ ही पुलिस को भी पहाड़ में चेकिंग लगाकर सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आदेशित किया गया है।
-विवेक सिंह एसपी रीवा