Rewa News: रीवा में नर्सिंग होम के बयान पर एसजीएमएच अस्पताल ने दी सफाई
प्रधान आरक्षक की पत्नी ने इलाज में लापरवाही का लगाया गया था आरोप

रीवा। सतना से गोली लगने के उपरांत उपचार हेतु नर्सिंग होम में भर्ती कराए गए प्रधान आरक्षक की मौत पर अवैध वसूली का आरोप लगा है। इसमेें नर्सिंग होम ने अपना बयान जारी कर संजय गांधी अस्पताल में इलाज की व्यवस्था नहीं होने का आरोप लगाया जिससे संजय गांधी अस्पताल की व्यवस्था कठघरे में खड़ी हो गई। अस्पताल के चिकित्सकों ने अपना बयान जारी कर नर्सिंग होम के आरोपों का खंडन किया है।
ज्ञात हो कि सतना के प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग को गोली लगने के बाद उपचार हेतु मिनर्वा अस्पताल में दाखिल कराया गया था जिनकी मौत के बाद घर वालों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए इलाज के नाम पर अवैध वसूली करने का सनसनीखेज आरोप लगाया। मिनर्वा अस्पताल के संचालक ने शुक्रवार को एक लेटर जारी किया जिसमें अवैध वसूली के आरोप को उन्होंने खंडन किया और संजय गांधी अस्पताल में इलाज की व्यवस्था नहीं होने की जानकारी दी।
बताया गया है कि यह प्रकरण शुक्रवार को सोशल मीडिया में वायरल हो गया जिसमें लोग संजय गांधी अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठाने लगे। यह प्रकरण सामने आने पर संजय गांधी अस्पताल ने भी एक पत्र जारी किया जिसमें उन्होंने मिनर्वा अस्पताल के बयान का खंडन किया और संजय गांधी अस्पताल में इलाज की पूरी व्यवस्था होने की जानकारी दी है। मिनर्वा अस्पताल ने अपने आपको बचाने के लिए संजय गांधी अस्पताल की व्यवस्था पर ही सवाल खड़े कर दिए।
थाने में घुसकर मारी थी गोली
जैतवारा थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक प्रिंस गर्ग को एक युवक ने बैरक में घुसकर गोली मार दी थी जिसमें वे जख्मी हो गए थे। उनको इलाज हेतु एसजीएमएच लाया गया जिनको कुछ घंटे बाद घर वाले मिनर्वा अस्पताल लेकर गए। कई दिनों तक अस्पताल में उनको भर्ती रखा गया लेकिन हालत में सुधार होने के बजाय बिगड़ गई।
उनको उपचार हेतु दिल्ली के मैक्स हास्पिटल में दाखिल कराया गया जहां उनकी मौत हो गई। उनकी मौत पर पत्नी ने मिनर्वा अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया है और इलाज के नाम पर 18 लाख रुपए ऐंठने का आरोप लगाया है। पत्नी ने कलेक्टर से शिकायत कर दी जिससे अब मामला तूल पकड़ लिया है। मिनर्वा अस्पताल खुद को बचाने के लिए संजय गांधी अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल उठा रहा है।