Rewa News: रीवा परियोजना अधिकारी को हाइवे में बदमाशों ने कट्टा अड़ाकर लूटा
मनगवां पुलिस स्पॉट में पहुंची, घटना के उपरांत भागे बदमाश

रीवा। जिले में इस समय चोर और बदमाशों का राज चल रहा है। कब किसके साथ लूट हो जाए इसका भरोसा नहीं है। बीती रात एक जनपद के परियोजना अधिकारी को अज्ञात बदमाशों ने कट्टा अड़ाकर लूट लिया। बदमाश उनके रुपए, मोबाइल लेकर भागने में कामयाब हो गए। सूचना पर तुरंत पुलिस हरकत में आ गई और बदमाशों की पतासाजी में जुट गई। हालांकि आरोपियों के बारे में अभी ज्यादा जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस ने प्रकरण कायम कर घटना को जांच में लिया है।
बताया गया है कि हाइवे में अज्ञात बदमाशों ने परियोजना अधिकारी के साथ लूट की घटना की है। दीपक मिश्रा त्योंथर जनपद के परियोजना अधिकारी है और वे जबलपुर में ट्रेनिंग करने गए थे। जबलपुर से वे वापस कार से त्योंथर जा रहे थे। रात साढ़े दस बजे के आसपास वे अकेले कार से गंगेव के पास आए तो पीछे से दूसरी कार से अज्ञात बदमाश आए और उनको रोक लिए।
गाड़ी उतरकर तीन बदमाश उनके वाहन में सवार हो गए और उन पर कट्टा अड़ा दिया। उसके बाद उनको सूनसान स्थान में ले जाकर मोबाइल छीन लिए और फिर उनका एटीएम कार्ड निकालकर खाते से बीस हजार रुपए निकाल लिए।
बताया गया है कि उनकी गाड़ी की चाभी भी छीनकर आरोपी फिर अपनी कार से भागने में कामयाब हो गए। पीड़ित ने आसपास के लोगों की सहायता से सूचना पुलिस को दी जिस पर पुलिस मौका मुआयना करने स्पॉट में पहुंच गई।
पीड़ित आरोपियों की गाड़ी को जो रंग बताया था उसके आधार पर उनकी पतासाजी हेतु सभी थानों को सूचित किया। घटनाकारित करने वाले आरोपी पुलिस के सक्रिय होने के पहले ही भागने में कामयाब हो गए थे। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण कायम कर उनकी सरगर्मी से पताशाजी शुरू कर दी है।
पीछा कर रहे थे आरोपी
घटनाकारित करने वाले आरोपी पीड़ित का पीछा कर रहे थे। मनगवां से निकलने के बाद ही वे उनके पीछे लग गए थे और फिर आगे जाकर उन्होंने गंगेव के पास सूनसान स्थान पाकर रोका था। घटना के उपरांत आरोपी मनगवां तरफ भागे थे जिसकी वजह से पुलिस उसकी रुट में बदमाशों की पतासाजी कर रही है। पुलिस ने दावा किया है कि आरोपियों के बारे में उनको अहम जानकारी मिली है जिसके आधार पर उनकी सरगर्मी से पताशाजी की जा रही है।
त्योहारों में बदमाशों की बड़ी मूवमेंट, बाहर से आए बदमाश
त्योहार के समय बदमाशों की मूवमेंट जिले में बढ़ गई है और कई दिनों से बदमाश घटनाएं कारित कर रहे है। बदमाशो द्वारा कई स्थानों में लूटपाट की गई है। बदमाशों के बारे में पुलिस पताशाजी करने में लगी है लेकिन उनके बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। इसलिए जिले में भी दहशत का माहौल बना हुआ है।
इनका कहना है-
अज्ञात बदमाशों ने बीती रात परियोजना अधिकारी के साथ लूटपाट की थी। उनका मोबाइल व रुपए छीनकर भागने में कामयाब हो गए। शिकायत मिलने पर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध आपराधिक प्रकरण कायम कर उनकी सरगर्मी से पतासाजी की जा रही है। घटना को जांच में लिया गया है।
-प्रतिभा शर्मा, एसडीओपी मनगवां