Rewa News: 23 अक्टूबर से सतना नहीं जाएगी रीवा-आनंद विहार सुपरफास्ट, कैमा से चलेगी ट्रेन
रूट बदलेगा: कैमा-सगमा कार्ड लाइन से होगा संचालन, कैमा स्टेशन पर 5 मिनट रुकेगी; सतना में इंजन बदलने में लगता है करीब आधा घंटा
रीवा। रीवा से आनंद विहार टर्मिनल के बीच चलने वाली सुपरफास्ट ट्रेन 12427/12428 अब 23 अक्टूबर 2026 से सतना रेलवे स्टेशन नहीं जाएगी। रेलवे ने ट्रेन का रूट बदलकर इसे कैमा-सगमा कार्ड लाइन से चलाने का निर्णय लिया है। नए रूट में ट्रेन का कैमा स्टेशन पर 5 मिनट का ठहराव रहेगा। रेलवे का कहना है कि इस बदलाव से सतना स्टेशन पर परिचालन का दबाव और भीड़ कम होगी।
नई व्यवस्था के तहत रेलवे कैमा स्टेशन को भी महत्वपूर्ण स्टेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रहा है। यहां ट्रेनों के ठहराव बढ़ने से यात्रियों को वैकल्पिक सुविधा मिलेगी और सतना-कैमा क्षेत्र में व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, सतना से ट्रेन का स्टॉपेज हटाने के फैसले का स्थानीय स्तर पर विरोध शुरू हो गया है। सतना चैंबर ऑफ कॉमर्स, CAT (कैट) और क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्यों ने रेलवे के निर्णय को अव्यावहारिक बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की है।
रीवा से 4:20 बजे रवाना, कैमा में 5 मिनट ठहराव
रेलवे की नई समय-सारणी के अनुसार, रीवा-आनंद विहार सुपरफास्ट (12427) रीवा से शाम 4:20 बजे रवाना होगी और 5:10 बजे कैमा पहुंचेगी। यहां 5 मिनट रुकने के बाद ट्रेन कैमा कार्ड लाइन से होते हुए सगमा की ओर रवाना होगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 6:40 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी।
वापसी में आनंद विहार-रीवा सुपरफास्ट (12428) रात 10:05 बजे आनंद विहार से रवाना होगी। अगले दिन सुबह 9:50 बजे सगमा कार्ड लाइन के रास्ते कैमा पहुंचेगी। यहां 5 मिनट ठहरने के बाद ट्रेन रीवा के लिए रवाना होगी और सुबह 11:10 बजे रीवा पहुंचेगी।
सतना में इंजन बदलने में लगता है करीब आधा घंटा
रेलवे के अनुसार, वर्तमान व्यवस्था में रीवा-आनंद विहार सुपरफास्ट को सतना स्टेशन पर दोनों दिशाओं में इंजन बदलने के लिए करीब 30-30 मिनट रुकना पड़ता है। इससे सतना स्टेशन पर परिचालन का दबाव बढ़ता है और अन्य ट्रेनों के संचालन के साथ प्लेटफॉर्म प्रबंधन में भी दिक्कत आती है।
रेलवे का तर्क है कि कैमा-सगमा कार्ड लाइन से ट्रेन चलाने पर सतना स्टेशन पर परिचालन का दबाव कम होगा और ट्रेनों की आवाजाही अधिक सुचारु हो सकेगी।
22 अक्टूबर तक सतना से बुकिंग
रेलवे बोर्ड के निर्णय के अनुसार, 22 अक्टूबर तक सतना से आनंद विहार की टिकट बुकिंग जारी रहेगी। 23 अक्टूबर से आनंद विहार के लिए टिकट की बुकिंग सतना की जगह कैमा स्टेशन से होगी।
यात्रियों की सुविधा के लिए कैमा स्टेशन पर पीआरएस कम यूटीएस (PRS-cum-UTS) सुविधा इसी महीने शुरू की गई है। इससे यात्रियों को टिकट संबंधी सुविधा उपलब्ध होगी।
सतना चैंबर और CAT ने जीएम को भेजा विरोध पत्र
क्षेत्रीय रेल उपयोगकर्ता परामर्शदात्री समिति के सदस्य एवं सतना चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष विवेक अग्रवाल ने पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक को पत्र भेजकर ट्रेन का सतना स्टॉपेज खत्म करने के फैसले का विरोध किया है।
उन्होंने कहा कि कैमा स्टेशन पर अभी पर्याप्त यात्री सुविधाएं विकसित नहीं हैं। स्टेशन तक सड़क संपर्क, स्थानीय परिवहन और अन्य जरूरी संसाधनों की कमी के कारण यात्रियों को परेशानी हो सकती है।
CAT ने भी रेलवे महाप्रबंधक को पत्र भेजकर फैसले पर पुनर्विचार की मांग की है। संगठन का कहना है कि कैमा स्टेशन पर पर्याप्त यात्री सुविधाएं और सुगम सड़क संपर्क नहीं होने से बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और दिव्यांग यात्रियों को सबसे ज्यादा परेशानी होगी।
संगठन के मुताबिक, सतना जिला मुख्यालय होने के साथ-साथ प्रमुख व्यावसायिक, शैक्षणिक और औद्योगिक केंद्र भी है। आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में यात्री रेल यात्रा के लिए सतना स्टेशन पर निर्भर हैं। ऐसे में आनंद विहार सुपरफास्ट का सतना स्टॉपेज खत्म होने से यात्रियों की सुविधा सीधे प्रभावित होगी।
अब रेलवे के फैसले से एक तरफ सतना स्टेशन पर परिचालन का दबाव कम होने की उम्मीद है, वहीं दूसरी तरफ कैमा स्टेशन को नया रेल हब बनाने की कवायद शुरू हो गई है।