Rewa News: रीवा इंजीनियरिंग कॉलेज के लैब में संचालित हों शासकीय पॉलिटेक्निक महाविद्यालय की प्रायोगिक कक्षाएं: प्रतिभा पाल
कलेक्टर ने ली जनभागीदारी समिति की बैठक, पॉलिटेक्निक महाविद्यालय में लैब बनने तक बनाई वैकल्पिक व्यवस्था
रीवा। शहर के शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में आज 3 जनवरी को महाविद्यालय की जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष, कलेक्टर प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में सत्र 2024-25 की बैठक महाविद्यालय के हॉल में सम्पन्न हुई। बैठक में प्राचार्य, सचिव निशा पाण्डेय द्वारा संस्था के विगत तीन वर्षों एवं सत्र 2024-25 का प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत किया गया। संस्था में इस सत्र से प्रारम्भ की गई दो नवीन ब्रांच क्रमश: सिविल एवं मैकेनिकल के संबंध में जानकारी दी गई। कलेक्टर द्वारा इस सत्र में सभी ब्रांचों में छात्रों द्वारा प्रवेश लिये जाने के संबंध में जानकारी चाही गई।
प्राचार्य ने बताया कि शासन द्वारा निर्धारित की गई सभी सीटों पर छात्रों द्वारा प्रवेश लिये जा चुके हैं। सुव्यव्यस्थित कक्षाएं संचालित हो रही हंै और आगामी 7 जनवरी 202५ से परीक्षाएं प्रस्तावित हैं। प्राचार्य एवं जनभागीदारी समिति सचिव निशा पाण्डेय द्वारा कलेक्टर को यह भी बताया गया कि संस्था से संबंधित सम्पूर्ण जानकारी की विवरण पुस्तिका समिति के सभी सदस्यों को उपलब्ध कराई गयी है।
जनभागीदारी समिति की बैठक में डॉ. आरपी. तिवारी विभागाध्यक्ष, द्वारा प्रस्ताव रखा गया कि जब तक पॉलीटेक्निक महाविद्यालय में लैब व्यवस्था नहीं हो जाती, तब तक के लिये पॉलीटेक्निक महाविद्यालय के छात्रों को प्रत्येक शनिवार इंजीनियरिंग महाविद्यालय में संचालित लैब में प्रयोग कक्षाएं संचालित कराई जा सकती हंै। जिसे कलेक्टर द्वारा मान्य किया गया।
बताया गया है कि बैठक में कलेक्टर द्वारा निर्देशित किया गया कि सभी प्रकार के भवन निर्माण से संबंधित प्राक्कलन तैयार कर शीघ्रातिशीघ्र प्रस्तुत करें, ताकि निर्माण के संबंध में अग्रिम कार्यवाही की जा सके । सचिव द्वारा प्रस्तुत अन्य सभी प्रस्ताव अध्यक्ष एवं समिति द्वारा अनुमोदित किये गये। बैठक संपन्न होने उपरान्त सचिव-प्राचार्य निशा पाण्डेय द्वारा कलेक्टर एवं सभी उपस्थित सदस्यों एवं महाविद्यालय परिवार का आभार व्यक्त किया गया।
ये रहे उपस्थित
बैठक में सांसद रीवा की ओर से उनके प्रतिनिधि संजीव शुक्ला तथा उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल के प्रतिनिधि राजीव पाण्डेय, आरजीपीवी. प्रतिनिधि मनोरथ अग्निहोत्री, डॉ. आरपी. तिवारी विभागाध्यक्ष, इंजीनियरिंग महाविद्यालय रीवा, डॉ. संदीप पाण्डेय, प्राध्यापक इंजी. महाविद्यालय रीवा, सचिव निशा पाण्डेय प्राचार्य शासकीय पॉलीटेक्निक महाविद्यालय रीवा, डॉ. भावना पाण्डेय सदस्य, हुलास पन्द्रो सदस्य, गौरव गुप्ता सदस्य, डॉ. सुरभि द्विवेदी, नीरज सिंह बघेल, उपेन्द्र साकेत एवं संस्था के कई अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।