Rewa News: गुढ़ में सियासी घमासान तेज, 13 पार्षदों ने नप अध्यक्ष को घेरा

एक दिन पूर्व अध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह ने कहा था- परिवार को परेशान किया तो मैं विधायक की खोल दूंगी पोल

 | 
Rewa

रीवा। नगर परिषद गुढ़ में सियासी घमासान तेज हो गया है। शनिवार को नगर परिषद के 13 पार्षदों ने संयुक्त पत्रकार वार्ता कर अध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह के हालिया बयान में गुढ़ विधायक नागेन्द्र सिंह पर लगाए आरोपों को न सिर्फ पूरी तरह खारिज कर दिया बल्कि उन पर वित्तीय अनियमितताओं, मनमानी के भी आरोप लगाए हैं। ज्ञात हो कि विगत शुक्रवार को नगर परिषद गुढ़ अध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह ने अविश्वास प्रस्ताव को लेकर गुढ़ विधायक नागेन्द्र सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। 

 


मीडिया कर्मियों से चर्चा करते हुए डॉ. अर्चना सिंह ने कहा था कि मुझे या मेरे परिवार को परेशान किया गया तो वो विधायक की पोल खोल कर रख देंगी, जिससे विधायक का मुंह दिखाना मुश्किल हो जाएगा। नप अध्यक्ष ने यह भी आरोप लगाया था कि विधायक नागेन्द्र सिंह द्वारा उन्हें पद से हटवाने का प्रयास किया जा रहा है।

 

वहीं अध्यक्ष की पत्रकार वार्ता के बाद गुढ़ विधायक ने मीडिया को प्रतिक्रिया देते हुए कहा था कि आरोप तो कोई भी लगा सकता है। यदि अध्यक्ष के पास कोई सबूत हो, तो देना चाहिए। 


वहीं नप अध्यक्ष डॉ. अर्चना सिंह की पत्रकार वार्ता के दूसरे दिन याने शनिवार को नगर परिषद गुढ़ के 13 पार्षदों ने पत्रकार वार्ता आयोजित कर संयुक्त रूप से अध्यक्ष अर्चना सिंह पर गंभीर आरोप लगाते हुए मांग की है कि नगर परिषद अध्यक्ष के वित्तीय अधिकार तत्काल समाप्त किए जाएं, कथित वित्तीय अनियमितताओं की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए तथा पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोपों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।