Rewa News: नशे से रीवा को मुक्त कराने पुलिस ने निकाली जन-जागरुकता रैली

डीजीपी के निर्देश पर शुरू हुआ पन्द्रह दिवसीय विशेष जागरुकता अभियान 

 | 
Rewa

रीवा। नशा की खतरनाक बुराई से समाज को मुक्त करने के लिए मंगलवार को पुलिस ने जन जागरुकता रैली निकाली। सुबह रैली स्पोर्टस काम्पलेक्स से शुरू हुई थी जिसमें कई खिलाड़ी पुलिस के जवान शामिल हुए। रैली पूरे शहर में लोगों को नशे के दुष्प्रभाव की जानकारी देते हुए भ्रमण की। 


बताया गया है कि पूरे प्रदेश की तरह रीवा में भी नशे के खिलाफ जागरुकता रैली निकली। डीजीपी कैलाश मकवाना के निर्देश पर यह पन्द्रह दिवसीय विशेष जागरुकता अभियान शुरू हुआ है। इस अभियान में लोगों को जागरुक करने का काम करेगी। 
मंगलवार से इस अभियान का शुभारंभ हुआ है। सुबह स्पोर्टस काम्पलेक्स में कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें आईजी गौरव राजपूत, डीआईजी राजेश सिंह, एसपी विवेक सिंह, एएसपी आरती सिंह सहित शहर के थानों के प्रभारी उपस्थित रहे। 


डीजीपी के उक्त अभियान में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। स्पोर्टस काम्पलेक्स से रैली शुरू हुई जो सिरमौर चौराहा, अमहिया, कला मंदिर, शिल्पी प्लाजा और विवेकानंद पार्क में आकर समाप्त हुई। रैली को आईजी ने हरीझण्डी दिखाकर रवाना किया था। 


कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए आईजी ने कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है और इस बुराई का भयावह रूप लोगों के  सामने आना चाहिए। नशे की वजह से समाज का युवा वर्ग खोखला रहा है। हमे युवा वर्ग को बचाना है क्योंकि यही आगे चलकर देश के कर्णधार बनेंगे। 


उन्होंने कहा कि आज मेडिसीन नशा सबसे ज्यादा चलन में है और यह बुराई है। अधिक समय तक कोई नशे का सेवन करता है तो उसकी शरीर कमजोर हो जाता है। हमे इस बुराई को समाप्त करना है और अपनी युवा पीढ़ी को बचाना है। 


30 जुलाई तक चलेगा जागरुकता अभियान
पुलिस का नशे से दूरी है जरुरी अभियान 30 जुलाई तक रहेगा। पन्द्रह से तीस जुलाई तक कार्यक्रम जिले में चलेगा। इसमें पुलिस हर जगह जायेगी और युवकों को नशे से दूर रहने के लिए समझाईश देगी। पुलिस इस बुराई को पूरी तरह से समाप्त करने का प्रयास करेगी। अभियान में नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, पंपलेट आदि के माध्यम से लोगों में जागरुकता लाना पुलिस का उद्देश्य रहेगा। सभी थानों में यह कार्यक्रम आयोजित होगा। 


डीजीपी ने किया संबोधित
इस अभियान की शुरूआत करते हुए डीजीपी ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में पूरे प्रदेश को संबोधित किया। उन्होंने नशे की बुराई को पूरी तरह से खत्म करने के लिए जनजागरुकता अभियान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि नशा कोई एक जिले की समस्या नहीं है बल्कि हर जगह नशा किसी न किसी रूप से प्रचलित है। यह नशा हमारे युवा पीढ़ी को बर्बाद कर रहा है। नशे की वजह से वे अपराधी बन रहे है और परिवार व समाज का नुकसान कर रहे है। अपनी युवा पीढ़ी को बचाने के लिए हम सभी को आगे आने की जरुरत है।