Rewa News: रीवा में सोमवार को कछुआ गति से रेंगता है शहर का ट्रैफिक

शहर के प्रमुख मार्गों में दिन भर लगता है जाम, परेशान हो रहे लोग

 | 
REwa

रीवा। सोमवार के दिन शहर के ट्राफिक का भगवान ही मालिक रहता है। शहर के सभी सड़कों पर जाम की हालत बदतर हो जाती है और ट्राफिक कछुआ गति से रेंगता है। शहर में लगातार ट्राफिक का दबाव बढ़ रहा है और दूसरी ओर सड़क सिकुड़ती जा रही है। ऐसे में लोगों को जाम की समस्या गंभीर हो रही है। 


 बताया गया है कि शहर में सोमवार को पूरे दिन ट्रैफिक जाम की स्थिति बनी रही। पूरे शहर में हालात बद से बदतर रहे। शहर के अतिव्यस्त सिरमौर चौराहा से अस्पताल चौराहा मार्ग, अस्पताल चौराहा से धोबिया टंकी व गुढ़ चौराहा मार्ग, अस्पताल चौराहा से प्रकाश चौराहा व स्टेच्यू चौराहा होते हुए जयस्तंभ पहुंच मार्ग में भीषण जाम लगा हुआ था।


 सड़क में वाहन चल नहीं रहे थे बल्कि रेंग रहे थे। कुछ जगह पुलिस वाहनों को धीरे-धीरे निकलवाने में व्यस्त रही। सोमवार के दिन शहर में ट्राफिक का दबाव ज्यादा हेाता है और सबसे ज्यादा व्यस्त अस्पताल चौराहा मार्ग हो जाता है। सुबह 11 बजे से जाम लगने लगा था जो शाम 6 बजे तक लगता रहा। पुलिस की जाम खुलवाने में हालत खराब हो गई।


बताया गया है कि शहर में वाहनों का दबाव बढ़ता जा रहा है और सड़क सिकुड़ती जा रही है। सड़क के किनारे दुकानदारी चल रही है और वाहन सड़क में खड़े हो रहे है। ऐसी स्थिति में जाम लगना तय रहता है। दिन भर पुलिस जाम खुलवाने में व्यस्त रही लेकिन समस्या कम होने का नाम नहीं ले रही थी। लोग जाम से बचने वैकल्पिक मार्गों का इस्तमाल करते तो वहां भी जाम लग जाता था।


सिरमौर चौराहा व समान तिराहे में अराजकता
सोमवार को आज सिरमौर चौराहा और समान तिराहे में अराजकता का माहौल देखने को मिला। सिरमौर चौराहा में ओवरब्रिज के नीचे हर जगह ठेले और आटो टैक्सियां खड़े होते है। पूरी सड़क सिर्फ आटो और टैक्सियों के नाम पर है। 


बीच में बाकी कसर ठेले वाले पूरी कर देते है जो सड़क में घुसकर जाम लगाते है। सिरमौर चौराहे में इस समय जितनी अव्यवस्था है उतनी अव्यवस्था शायद पहले कभी नहीं हुई। समान तिराहे में बसों की वजह से जाम लगना स्थायी समस्या बन गया है।


तीजा भी बना सबब 
शहर में त्योहार के कारण भी आज जाम लग रहा था। सड़क के किनारे लोग तीजा के लिए सामान बेंचने के लिए बैठ गए थे। पूरी सड़क में उनका कब्जा हो गया था। इनसे सामान खरीदने वाले सड़क में गाड़ी खड़ी कर रहे थे। सिरमौर चौराहा, प्रकाश चौराहा, अस्पताल चौराहा, स्टेच्यू चौराहा में सड़क के किनारे का पूरा हिस्सा इन फुटकर व्यापारियों के काम आ रहा था।


इनका कहना है-
सोमवार के दिन ट्रैफिक बढ़ जाता है। त्योहार के कारण भी शहर में भीड़ ज्यादा थी जिसकी वजह से जाम की समस्या बन रही थी। पुलिस हर प्वॉइंट में पहुंचकर जाम खुलवा रही थी और सड़क में बेहतर आवागमन की व्यवस्था बना रही थी।
-अनीमा शर्मा, ट्राफिक प्रभारी