Rewa News: अधिकारियों ने किया स्थल का निरीक्षण, अवैध फैक्ट्री की जुटाई जानकारी

गुढ़ में बीती शाम पटाखा फैक्ट्री में हुआ था धमाका, घटना को जांच में लिया

 | 
Rewa

रीवा। बीती शाम अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके की घटना के बाद आज अधिकारियों ने स्थल का मुआयना किया। फैक्ट्री यहां पर किसके आदेश से चल रही थी इसका पता लगाने का प्रयास किया गया। अधिकारियों ने थोक पटाखा व्यापारियों से भी बातचीत की है। पुलिस ने आपराधिक प्रकरण कायम कर घटना को जांच में लिया है। 


बताया गया है कि पटाखा फैक्ट्री में धमाके की अब पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। गुढ़ में रहने वाले महबूब रजा अपने घर में पटाखा बनाने का काम करता था। बीती शाम उसके पटाखा बनाने की फैक्ट्री में ब्लास्ट हो गया जिसकी वजह से आग भड़क गई और चार लोग आग में झुलस गए थे जिसमें एक फायर बिग्रेड का कर्मचारी भी था। सभी घायलों को उपचार हेतु अस्पताल भिजवा दिया गया है। इस घटना के उपरांत आज एसडीएम सुधाकर सिंह बघेल, डीएसपी उदित मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने स्थल का मुआयना किया। 


बताया गया है कि जिस स्थान में घटना हुई थी उसको बारीकी से चेक किया। उक्त व्यक्ति के पास पटाखा बनाने के लिए सामान किसके पास से लाता था और अपने पटाखे किसको बेंचता था इन सारी बातों का पता लगाने का प्रयास पुलिस कर रही है। 


उसके पास पटाखा बनाने का लाइसेंस नहीं था। वह अवैध तरीके से अपने आवासीय घर में पटाखा बनाने का काम करता था। अधिकारियों ने आसपास के लोगों से भी बातचीत की और इस अवैध फैक्ट्री के बारे में विस्तार से जानकारी लेने का प्रयास किया है।


जख्मी युवक की मौत, दूसरे का इलाज जारी
धमाके से पटाखा बनाने वाले महबूब रजा सबसे ज्यादा झुलसा था क्योंकि वह उस समय कमरे के अंदर था। उसको काफी बुरी स्थिति में घर वाले उपचार हेतु अस्पताल लेकर आए थे। डाक्टरों ने उसकी जान बचाने का भरसक प्रयास किया लेकिन उनको सफलता नहीं मिली और बीती रात युवक की मौत हो गई। दुर्घटना में जख्मी एक युवक की हालत चिंताजनक बनी हुई है जिसका अस्पताल में इलाज जारी है।


इनका कहना है-
बीती शाम गुढ़ की पटाखा फैक्ट्री में घाटना हुई थी जिसमें चार लोग आग से झुलस गए थे। एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई है। स्थल का निरीक्षण कर पटाखा बनाने के कारोबार के बारे में जानकारियां प्राप्त की गई है। फायर बिग्रेड कर्मचारी की रिपोर्ट पर प्रकरण कायम कर घटना को जांच में लिया गया है।
-उदित मिश्रा, डीएसपी हेडक्वार्टर