Rewa News: रीवा में आज शाम भी नहीं आएगा पानी, कुठुलिया प्लांट की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त
पीटीएस रोड पर सीवरेज कार्य के दौरान हार्ड रॉक ब्रेकिंग करते समय मिट्टी धंसने से क्षतिग्रस्त हुई कुठुलिया जल शोधन संयंत्र की 450 मिमी व्यास की डीआई वॉटर राइजिंग लाइन
रीवा। शहर के पीटीएस रोड पर सीवरेज कार्य के दौरान हार्ड रॉक ब्रेकिंग करते समय मिट्टी धंसने से कुठौलिया जल शोधन संयंत्र की 450 मिमी व्यास की डीआई वॉटर राइजिंग लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इस कारण कुठौलिया प्लांट बंद करना पड़ा, जिससे शहर के कई इलाकों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हो गई है।
नगर निगम के अनुसार, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन में जल प्रवाह जारी रहने और वाल्व में रिसाव के कारण ट्रेंच में लगातार पानी भरता रहा। पंपों से पानी निकालना संभव नहीं होने पर मंगलवार रात करीब 9 बजे कुठौलिया प्लांट बंद कर दिया गया। अब ट्रेंच से पानी निकालकर सीवर पाइप डालने और बैकफिलिंग का कार्य किया जा रहा है। इसके बाद ही वॉटर राइजिंग लाइन को दोबारा जोड़ा जा सकेगा।
इस वजह से कुठौलिया, कोठी, हॉस्पिटल, पीटीएस, समान, रतहरा, नेहरू नगर, पड़रा, पद्मधर, शांति विहार, दीनदयाल नगर और विंध्य बिहार की पानी की टंकियों से होने वाली जलापूर्ति बुधवार सुबह बाधित रही और आज शाम की सप्लाई भी प्रभावित रहेगी।
नगर निगम ने बताया कि मरम्मत कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। पाइपलाइन जुड़ते ही गुरुवार सुबह से जलापूर्ति सामान्य करने का प्रयास किया जाएगा। निगम ने नागरिकों से हुई असुविधा के लिए खेद व्यक्त किया है।
मुख्य बिंदु
- पीटीएस रोड पर सीवरेज कार्य के दौरान मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त।
- कुठौलिया जल शोधन संयंत्र बंद करना पड़ा।
- शहर के 12 से अधिक क्षेत्रों में सुबह और शाम की जलापूर्ति प्रभावित।
- मरम्मत कार्य युद्धस्तर पर जारी, कल सुबह से सप्लाई सामान्य होने की संभावना।