Rewa News: रीवा के एसपी कार्यालय में ट्रांसफर हेतु अन्य पुलिसकर्मियों की तैयार हो रही सूची

जल्द हो सकती है जारी, 168 कर्मचारियों का हो चुका है स्थानांतरण

 | 
Rewa

रीवा। शासन की नयी गाइन लाइन ने पुलिसकर्मियों की मुश्किलें बढ़ा दी है। पुलिसकर्मियों को अब शहर छोड़कर देहात का रुख करना पड़ रहा है। कार्यालय से एक दिन पहले कर्मचारियों की सूची जारी हो चुकी है और शेष अन्य कर्मचारियों की सूची भी तैयार हो रही है जिनका स्थानांतरण एक दो दिन में हो सकता है। इसकी वजह से कर्मचारियों में भी खलबली मची हुई है। 


बताया गया है पुलिस विभाग में कर्मचारियों के स्थानांतरण ने हड़कंप मचा रखा है। शासन से एक नयी गाइड लाइन जारी हुई है जिसके मुताबिक किसी भी थाने में पांच साल और अनुभाग में दस साल से पदस्थ पुलिसकर्मियों को हटाया जाए।

इस आदेश के पालन में पुलिस विभाग ने तत्परता दिखाई और बड़ी संख्या में कर्मचारियों का स्थानांतरण कर दिया। 168 पुलिसकर्मियों की स्थानांतरण सूची एक दिन पूर्व जारी हो गई है। जो कर्मचारी शहर में थे उनको ग्रामीण थानों में भेजा गया है और ग्रामीण थानों से कई पुलिसकर्मियों को रीवा लाया गया है। 


बताया गया है कि अभी भी कई कर्मचारी राडार में है जो नए नियम के तहत मुश्किल में फंस सकते है। पुलिस थानों के अलावा शासकीय कार्यालयों में भी जो कर्मचारी पदस्थ है उनके बारे में अधिकारी जानकारी एकत्र कर रहे है।

एक स्थान में चार साल से ज्यादा समय से पदस्थ कर्मचारियों को हटाया जाना है जिसके संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में छंटनी का कार्य चल रहा है। यह उम्मीद जताई जा रही है कि अभी आधा सैकड़ा के लगभग पुलिसकर्मियों का स्थानांतरण हो सकता है और उनको शहर से बाहर किया जाएगा।


स्थानांतरित कर्मचारी एसपी कार्यालय के काट रहे चक्कर
एक दिन पहले जारी हुई सूची में जो कर्मचारी शामिल थे वे मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय के आसपास चक्कर काटते नजर आए। कई कर्मचारी अपने स्थानांतरण में संशोधन करवाने का प्रयास कर रहे है जिसके उन्होंने अपने स्तर पर कवायद करना भी शुरू कर दिया है। हालांकि कितने कर्मचारी अपने जुगाड़ में कामयाब हो पाते हैं इसका खुलासा आने वाले समय में ही हो पाएगा।