Rewa News: रीवा में किशोरी को वार्ड ब्वॉय ने बुरी नीयत से बुलाया, वापस लौटते समय दो युवकों ने की अश्लील हरकत

अमहिया पुलिस ने किया गांधी स्मृति अस्पताल में किशोरी से बलात्कार मामले का पटाक्षेप, वार्ड ब्वॉय गिरफ्तार

 | 
Rewa

रीवा। पिछले दो दिनों से पुलिस और अस्पताल के लिए सिरदर्द बने किशोरी से गैंगरेप मामले का बुधवार को पटाक्षेप हो गया। किशोरी को दस्तयाब कर पुलिस रीवा लाई और उसके कथन कराए तो उसने गैंगरेप की बात से इंकार किया है। उसको वार्ड ब्वाय ने बुरी नियत से बुलाया था जिसकी वजह से वार्ड ब्वाय को पकड़कर सलाखों के पीछे डाल दिया गया। पुलिस ने पूरे प्रकरण को विवेचना में लिया है।


 बताया गया है कि किशोरी के साथ गैंगरेप मामले की आज सत्यत सामने आ गई। गांधी स्मृति चिकित्सालय के नाक, कान, गला रोग विभाग में गत दिवस किशोरी अपनी मां उपचार हेतु लेकर आई थी। मां को भर्ती किया गया था और किशोरी उसकी देखभाल कर रही थी।

किशोरी के साथ रात में वार्ड ब्वाय सहित दो लोगों के द्वारा गैंगरेप करने की जानकारी सामने आई। किशोरी को रात में उपचार हेतु वार्ड में लाया गया था जो वहां से अपनी मां के साथ गायब हो गई। इस प्रकरण के खुलासे के बाद दो दिनों से पुलिस परेशान थी। बीती रात पुलिस की टीम कुसमी जिला सीधी पहुंची और किशोरी को दस्तयाब कर उसे रीवा लेकर आई। 


बताया गया है कि किशोरी के पुलिस ने कथन कराए तो उसमें घटना के बारे में जानकारी सामने आई। किशोरी की वार्ड ब्वाय महेन्द्र तिवारी से दोस्ती हो गई थी और उनके बीच मोबाइल पर बात होने लगी थी। किशोरी को उसने रात में मिलने के लिए बुलाया था।

वह उसे बुरी नियत से हांथ पकड़कर घर ले जा रहा था लेकिन उसकी किस्मत दगा दे गई। घर वाले जाग गए और किशोरी को ढूंढने लगे जिसकी वजह से उसने किशोरी को वापस अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने वार्ड ब्वाय महेन्द्र तिवारी को पकड़कर सलाखों के पीछे डाल दिया है। पुलिस ने आपराधिक प्रकरण कायम कर पूरे मामले को जांच में लिया है।


ऐसे हुआ था घटना क्रम
किशोरी के बयान में जो घटनाक्रम सामने आया है उसके मुताबिक किशोरी घर वालों के सोने के बाद वार्ड ब्वाय से मिलने के लिए गई थी। वार्ड ब्वाय किशेारी के साथ शारीरिक संबंध बनाने के इरादे से घर ले जा रहा था लेकिन उसी समय अस्पताल से किसी ने फोन कर दिया कि लड़की को उसके घर वाले ढूंढ रहे है। इस पर उसने लड़की को वापस जाने के बोल दिया और किसी को न बताने की हिदायत दी।

लड़की वापस लौट रही थी तो सुपर स्पेशलिटी अस्पताल के पास दो अज्ञात लड़कों ने छेड़खानी की जो उस समय मोटर साइकिल से वहां से गुजरे थे। किशोरी वहां से भागकर अस्पताला चौराहा आई तो मंदिर के पास चक्कर खाकर गिर गई। तब घर वाले अस्पताल चौराहा पहुंच गए थे जो उसको वार्ड में लेकर आए।


अस्पताल अधीक्षक के बयान ने मामले को उलझाया
इस पूरे प्रकरण में अस्पताल अधीक्षक का व्यवहार सबसे ज्यादा गैर जिम्मेदाराना रहा है जिन्होंने पूरे प्रकरण को उलझा दिया। एक बयान में उन्होंने बताया कि रात में जो लड़की आई थी उसके साथ दो लोगों ने बलात्कार किया था जिसकी जांच गायनी विभाग में हुई थी। फिर कुछ देर बाद दूसरा बयान आया जिसमें लड़की के साथ मारपीट की बात उन्होंने बताई। दो अलग-अलग बयानों ने पूरे प्रकरण को ही उलझाकर रख दिया।


इनका कहना है-
अटेंडर लड़की के साथ अस्पताल में बलात्कार की अपुष्ट सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना की तस्दीक हेतु किशोरी को कुसमी से लाया गया और उसके कथन कराए गए। उसने वार्ड ब्वाय से परिचय होने और उससे मिलने जाने की बात बताई थी जिसके साथ बाद में दो अज्ञात लड़कों ने छेड़खानी की थी। वार्ड ब्वॉय ने उसको गलत नियत से बुलाया था जिस पर उसके विरुद्ध आपराधिक कायम कर गिरफ्तार किया गया है। दो अज्ञात आरोपियों की भी पतासाजी की जा रही है।
-विवेक सिंह, पुलिस अधीक्षक रीवा