Rewa News: रीवा में सीएम ने 501 खेत-तालाब कार्यों, 5 एकड़ क्षेत्र के मुनगा वन; भगवान बिरसा मुंडा कॉलेज के नवीन भवन का किया लोकार्पण

पूर्ण संकल्प के साथ किए जा रहे हैं विकास के सभी कार्य: डॉ. मोहन यादव

 | 
Rewa
गौपालन को बढ़ावा देकर गाय का दूध भी खरीदेगी सरकार, जवा को नगर परिषद का दिया जाएगा दर्जा; बैकुंठपुर को शासकीय महाविद्यालय के नवीन भवन सौगात, चौखंडी को मिला सांदीपनी विद्यालय 

रीवा। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा है कि विकास के सभी कार्य पूर्ण संकल्प के साथ कराए जा रहे हैं। प्रदेश की धरती के एक-एक गांव में पानी की उपलब्धता के साथ ही हर घर को पीने का स्वच्छ जल उपलब्ध कराया जा रहा है। 


नदियों के पानी का सदुपयोग किए जाने की कार्य योजना मूर्त रूप ले रही है। दो बड़ी नदी जोड़ो परियोजनाओं पर काम प्रारंभ हो चुका है। तीसरी नदी जोड़ो परियोजना के लिए हम महाराष्ट्र सरकार के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। मध्यप्रदेश इकलौता राज्य है जहां तीन बड़ी नदी जोड़ो परियोजनाओं पर काम हो रहा है। 


मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के जवा अंतर्गत दिव्यगवां में 6 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से बनाए गए भगवान बिरसा मुंडा महाविद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया। उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत 501 खेत तालाबों व 5 एकड़ में लगाए जाने वाले मुनगा वन का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने 50 करोड़ 73 लाख रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। 


जवा को नगर परिषद का दर्जा देने की घोषणा 
मुख्यमंत्री डॉ यादव ने घोषणा की कि बैकुंठपुर में शासकीय महाविद्यालय का नवीन भवन बनाया जाएगा तथा चौखंडी में सांदीपनी विद्यालय की स्थापना की जाएगी। उन्होंने जवा को नगर परिषद का दर्जा दिए जाने की घोषणा भी की। 


कई गांवों को नहरों से जोड़ेंगे
सिंचाई योजना के तहत विकासखंड जवा के ग्राम छतैनी, हरदोली, गहिलवार, बौसड़, दोंदर, लोहगढ़, बौसड़वा, जतरी कोटवा, डभौरा, अकौरिया, मगडौर तथा घूमन की कृषि भूमि को सिंचित योग्य बनाने के लिए नहरों से जोड़ने तथा चिन्हित स्थानों पर स्टाप डैम का निर्माण किए जाने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की।

Rewa
अपना पंचेन का राम-राम 

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने अपने संबोधन की शुरुआत अपना पंचेन का राम-राम से की। उन्होंने कहा कि रीवा के सिरमौर विधानसभा क्षेत्र में इंदौर, भोपाल जैसे महानगर की तरह एक बड़े कॉलेज की सुविधा उपलब्ध हो गई है। 

उन्होंने ने कहा कि उच्च शिक्षा को और बेहतर एवं गुणवत्तापरक बनाने के लिए हमारी सरकार पूरी ताकत से काम कर रही है। उन्होंने हर्ष जताते हुए बताया कि उच्च शिक्षा मंत्री के रूप में उन्होंने दिव्यगवां में कॉलेज मंजूर किया था और आज उसी कॉलेज का वे बतौर मुख्यमंत्री लोकार्पण कर रहे हैं। 


इस कॉलेज में 3 हजार विद्यार्थी पढ़ रहे हैं, जिसमें 80 प्रतिशत बेटियां हैं। उन्होंने कहा कि आज लाड़ली बहना दिवस भी है और हमारे देश में बेटियों की पूजा की जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार के माध्यम से प्रधानमंत्री ने गरीब आदमी के लिए पक्का मकान, निशुल्क अनाज, बच्चों की शिक्षा-दीक्षा और जिस क्षेत्र में भी आगे जाना चाहें उसके लिए कोचिंग की व्यवस्था की है। 


9 से 20 प्रतिशत होगा दुग्ध उत्पादन
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में दुग्ध उत्पादन 9 प्रतिशत से बढ़ाकर 20 प्रतिशत करने लिए हमारी सरकार गौपालन को बढ़ावा दे रही है। डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना हम गौ पालकों को अनुदान देंगे। पशुपालकों को प्रोत्साहन देने के लिए अब गाय का दूध सरकार खरीदेगी।


गाय पालन हेतु 25 प्रतिशत अनुदान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि कामधेनु योजना में किसान 25 गाय से लेकर अधिकतम 200 गाय तक पाल सकते हैं। इसके लिए पात्र हितग्राहियों को 25 प्रतिशत तक का अनुदान भी सरकार देगी। उन्होंने कहा कि हमारे किसान फसल उत्पादन में अग्रणी हो चुके हैं। उन्हें फसल के साथ-साथ दुग्ध उत्पादन में भी आगे लाना है। किसानों को खेती के साथ दूध का उत्पादन भी करना चाहिए। 


पाकिस्तान तक सुनाई दे रही सफेद शेर की दहाड़
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूरे प्रदेश में जल संरक्षण के लिए अभियान चलाया जा रहा है। मध्यप्रदेश की धरती पर एक-एक गांव में सिंचाई का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि सरकार ने तय किया है कि प्रदेश में जहाँ-जहाँ भगवान श्रीराम के चरण पड़े हैं, वहाँ-वहाँ सरकार श्रीराम वन गमन पथ विकसित कर इन्हें तीर्थ क्षेत्र बनाएगी। 


इसी प्रकार जहाँ-जहाँ भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं हुईं, वहाँ-वहाँ श्रीकृष्ण पाथेय बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि चित्रकूट का भी विकास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने उपस्थित जनसमूह को विकास के लिए संकल्प दिलाते हुए कहा कि देश ने बीते दिनों में भारतीय सेनाओं का जो शौर्य और पराक्रम देखा है उससे पूरे देशवासी बेहद गौरवान्वित हैं। 


हमें हमारी सेनाओं और जवानों पर नाज है। उन्होंने कहा कि विन्ध्य के लिए यह गौरव की बात है जब देश की सेवा में थल सेना एवं नौसेना का नेतृत्व इसी अंचल के विभूतियों द्वारा किया जा रहा है और विंध्य के सफेद शेर की दहाड़ पाकिस्तान तक भी सुनाई दे रही है।


धरती से दौलत पैदा करेंगे किसान
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि इस अंचल के लिए महाविद्यालय के नवीन भवन की स्थापना एक महत्वपूर्ण सौगात है। इसके बन जाने से उच्च शिक्षा सुगम हो सकेगी तथा बेटियों को पढ़ने के लिए अन्यत्र नहीं जाना पड़ेगा। 


उन्होंने कहा कि सोन नदी के पानी से त्योंथर फ्लो के पूर्ण हो जाने पर यह क्षेत्र संपन्न हो जाएगा और यहां के किसान धरती से दौलत पैदा करेंगे। इससे पूर्व सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा कि इस क्षेत्र में पीने के पानी की समस्या थी। 


अब जल जीवन मिशन के तहत घर-घर स्वच्छ पानी मिलेगा तथा सिंचाई योजनाओं से किसानों को सिंचाई की भी सुविधा मिलेगी। उन्होंने डभौरा रेलवे स्टेशन के विकास की सौगात एवं सड़कों के निर्माण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को साधुवाद दिया।


इन्हें किया सम्मानित

Rewa

Rewa


कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन सिरमौर विधायक ने दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने भगवान बिरसा मुंडा महाविद्यालय में अध्यनरत छात्र अतुल सिंह को कुश्ती व नीतू पाल को शतरंज में राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने महाविद्यालय भवन के लोकार्पण अवसर पर छात्राओं के साथ फोटो भी खिंचवाई। 

Rewa


ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, विधायक त्योंथर सिद्धार्थ तिवारी, विधायक मनगवां इंजीनियर नरेंद्र प्रजापति, जिला भाजपा अध्यक्ष रीवा वीरेंद्र गुप्ता जिला भाजपा अध्यक्ष मऊगंज डॉ राजेंद्र मिश्रा, महामंत्री राजेश पांडेय, पूर्व विधायक श्यामलाल द्विवेदी, केपी त्रिपाठी सहित जनप्रतिनिधि एवं कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, डीआईजी राजेश सिंह, पुलिस अधीक्षक विवेक सिंह, सीईओ जिला पंचायत मेहताब सिंह गुर्जर, अन्य प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में जन समुदाय उपस्थित रहा।


 

Rewa
मुख्यमंत्री ने दिव्यगवां में खोला समूचे रीवा के लिए सौगातों का पिटारा

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने रीवा जिले के सिरमौर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम दिव्यगवां में 47 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपए के 5 कार्यों का लोकार्पण तथा 2 करोड़ 75 लाख 29 हजार रुपए के दो कार्यों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड द्वारा 6 करोड़ 17 लाख 82 हजार रुपए की लागत से बनाए गए शासकीय भगवान बिरसा मुण्डा महाविद्यालय भवन दिव्यगवां का लोकार्पण किया। 


मुख्यमंत्री ने 93 लाख 50 हजार रुपए की लागत से बनाए गए भगवान बिरसा मुण्डा सामुदायिक भवन तथा विधानसभा क्षेत्र मनगवां में राष्ट्रीय राजमार्ग से तिवनी जंक्शन पर बनाए गए सिक्स लेन ओवर ब्रिज का लोकार्पण किया। इनकी लागत 14 करोड़ 85 लाख रुपए है। 


समारोह में मुख्यमंत्री ने 18 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से बनाए गए सिरमौर-क्योटी नवीन सड़क तथा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत बनाए गए 501 खेत तालाबों का लोकार्पण किया। इनकी लागत 7 करोड़ 50 लाख रुपए है। मुख्यमंत्री डॉ यादव ने दो निर्माण कार्यों का शिलान्यास भी किया। 


इनमें लोक निर्माण विभाग द्वारा एक करोड़ 39 लाख 29 हजार रुपए की लागत के हाईस्कूल भवन अतरैला तथा एक करोड़ 36 लाख रुपए की लागत से बनाए जा रहे एसडीएम कार्यालय जवा का निर्माण कार्य शामिल है। साथ ही मुख्यमंत्री ने दिव्यगवां ग्राम में ही 5 एकड़ में प्रस्तावित मुनगा के वृक्षारोपण कार्य का भी शिलान्यास किया।


 

REwa
रीवा आगमन पर सीएम का हुआ आत्मीय स्वागत

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का रीवा एयरपोर्ट पहुंचने पर आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री डॉ यादव भोपाल से विमान द्वारा रीवा एयरपोर्ट पहुंचे। उनके साथ उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल भी रीवा आए। रीवा एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री डॉ यादव का कमिश्नर बीएस जामोद, आईजी गौरव राजपूत, जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अधिकारियों ने आत्मीय स्वागत किया।