Rewa News: रीवा में यूपी के किसान नेता ने टोल में की गुण्डागर्दी, कर्मचारियों से मारपीट

सोहागी थाने में लिखाई गई घटना की रिपोर्ट, काफी देर तक हुआ हंगामा

 | 
Rewa

रीवा। उ.प्र. के किसान नेता के काफिले में सवार लोगों ने आज टोल में जमकर विवाद किया। उन्होंने टोल में कर्मचारियों से सिर्फ इस बात पर मारपीट की थी कि उन्होने टोल का किराया मांग लिया। उनके साथ मौजूद लोगों ने विवाद किया और बिना टोल दिए ही उनकी गाड़ी गुजर गई। टोल कर्मचारियों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है जिस पर पुलिस ने घटना को जांच में लिया है। 


बताया गया है कि यूपी के किसान नेता की गुण्डागर्दी सामने आई है। किसान नेता आज प्रयागराज तरफ से रीवा की ओर ज रहे थे। दोपहर वे लोग सोहागी टोल प्लाजा में पहुंचे तो वहां उनकी गाड़ी को कर्मचारियों ने टोल के लिए रोक दिया। इस बात पर किसान नेता आक्रोशित हो गए। उनके साथ वाहन में कई लोग मौजूद थे जो वहां पर विवाद करने लगे। टोल मांगने वाले कर्मचारियों के साथ मारपीट पर आमदा हो गए जिसकी वजह से हड़कंप की स्थिति बन गई। उन्होने टोल के गेट को खोल लिया और पांच गाड़ी बिना टोल दिए निकल गई। 


बताया गया है कि घटना की वजह से काफी देर तक बवाल मचा रहा। जिस गाड़ी में नेताजी सवार थे उसमें हुटर भी लगा था। इनको वाहन में हुटर लगाने की अनुमति किसने दी यह जांच का विषय है। टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है जिस पर पुलिस ने घटना को जांच में लिा है। वाहनों के नम्बर के आधार पर नेता जी का पता लगाने का प्रयास किया ज रहा है।


वीडियो में विवाद करते नजर आए समर्थक
उस समय घटना का एक वीडियो सामने आया है। वीडियो में उनके समर्थक टोल प्लाजा के कर्मचारियों से विवाद करते हुए नजर आ रहे है। टोल प्लाजा में उनके समर्थक उतरकर कर्मचारियों से विवाद करते रहे और खुद गेट खोलकर सारे वाहनों को बिना टोल दिए पार करवा दिया। किसान नेता के सभी समर्थकों की भी पुलिस पहचान करने में लग गई है जिन्होंने टोल में विवाद किया है।


इनका कहना है-
टोल प्लाजा से एक शिकायती आवेदन आया है। कुछ वाहन बिना टोल दिए प्लाजा से निकल गए। वाहनों में सवार लोग वहां विवाद भी कर रहे थे। वीडियो के आधार पर पूरे मामले को जांच में लिया गया है। घटनाकारित करने वाले आरोपियों की पतासाजी की जा रही है।
-कमलेश साहू, टीआई सोहागी