Rewa News: रीवा के बीएस टंच में सोने की शुद्धता जांच के नाम पर हुआ फ्रॉड, सर्राफा कारोबारी ने लगाए सनसनीखेज आरोप
सिटी कोतवाली पुलिस ने घटना को जांच में लिया, विरोध करने पर दी गालियां
रीवा। शहर में सोने की शुद्धता और वजन को लेकर सर्राफा बाजार में गलाई करने वालों और टंच करने वालों पर संदेह की सुई और ज्यादा गहरी होती जा रही है। हाल ही में सोने की शुद्धता की जांच के नाम पर ठगी का एक नया मामला प्रकाश में आया है।
बताया गया है कि अजय सोनी पिता कोदूलाल सोनी निवासी मगराज थाना अमरपाटन हाल मुकाम सर्राफा बाजार सोने की शुद्धता जांच बीएस टंच से करवाते थे। उन्होंने गत दिवस सोने को जांच के लिए बीएस टंच में भेजा था। जांच के बाद उसने सोने की मात्रा 69.46 बताई।
व्यापारी अजय सोनी को इस जांच में संदेह हो गया जिसकी वजह से उन्होंने सोने को जांच के लिए दूसरे टंच सेंटर में भेजा। वहां पर सोने की मात्रा 72.26 बताई गई। इसके बाद तीसरे केन्द्र में सोने की मात्रा 72.61 बताई गई। बताया गया है कि व्यापारी ने बीएस टंच के संचालक से इस बारे में जब बात की तो उन्होंने इस बात को मानने से इंकार कर दिया।

इतना ही नहीं बीएस टंच के संचालक प्रदीप सोनी ने सर्राफा कारोबारी अजय सोनी से गाली-गलौज कर धमकियां दी। पीड़ित सर्राफा कारोबारी का कहना है कि इस तरह से सोने की मात्रा कम बताकर बीएस टंच का मालिक ठगी कर रहा था। दो साल से व्यापारी उसके यहां से सोने की शुद्धता की जांच करवा रहा था और लगातार व्यापारी द्वारा इस तरह से ठगी उनके साथ की गई है।
उन्होंने इसकी रिपोर्ट पुलिस थाने में लिखवाई है और बाद में सर्राफा मंडल अध्यक्ष को भी इसकी शिकायत की है। व्यापारी का कहना है कि इस तरह से वह लगातार हमारे साथ ठगी करते आ रहा है और हमको आर्थिक नुकसान हुआ है। उसके खिलाफ कार्रवाई कर क्षतिपूर्ति की रकम दिलाई जाये।
इनका कहना है-
एक शिकायत आवेदन थाने में आया है जिसमें सोने की शुद्धता जांच में गड़बड़ी बताई गई है। पूरे प्रकरण को विवेचना में लिया गया है। इस संबंध में अभी जानकारियां एकत्र की जा रही है। जांच उपरांत प्रकरण में आगे कार्रवाई की जायेगी।
- निशा मिश्रा, टीआई सिटी कोतवाली