Rewa News: रीवा में एग्रीमेंट खत्म होने के बाद भी इलेक्ट्रिक पोल में लगे हैं सैकड़ों अवैध कियोस्क बोर्ड
नगर निगम को अवैध विज्ञापनों से हो रही लाखों की राजस्व हानि; शुरू हुआ ऐक्शन

रीवा। शहर में अवैध प्रचार-प्रसार चरम पर है। विज्ञापन कर के नाम पर नगर निगम को न के बराबर राजस्व मिल रहा है और विज्ञापन करने वाले अवैध रूप से प्रचार-प्रसार कर शासन को लाखों का चूना लगा रहे हैं। यह बात जब विगत दिनों नगर निगम आयुक्त डॉ. सौरभ सोनवणे के संज्ञान में आई तो उन्होंने अवैध विज्ञापनों पर सख्ती किए जाने के निर्देश जारी किए।
नपानि आयुक्त की सख्ती देख मिलीभगत में लगे निगम के चंद कर्मचारियों को मानो सांप ही सूंघ गया है। विगत कई वर्षों से शहर में अवैध विज्ञापनों के नाम पर चल रही लाखों की बंदरबांट पर अब नपानि आयुक्त की वक्रदृष्टि घूम चुकी है।
इसके आगाज स्वरूप शहर के शिल्पी प्लाज़ा क्षेत्र में इलेक्ट्रिक पोल पर लगे ऐड कियोस्क की अनुबंध अवधि समाप्त होने पर नगर निगम की टीम द्वारा सोमवार को उन्हें हटाने की कार्यवाही की गई। यह कार्रवाई सहायक आयुक्त शीतल भलावी के नेतृत्व में की गई।
उल्लेखनीय है कि शहर में म.प्र. आउटडोर विज्ञापन मीडिया नियम 2017 को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम विशेष अभियान चला रहा है। इसी क्रम में इस कार्यवाही के दौरान 15 से अधिक इलेक्ट्रिक पोल से ऐड कियोस्क हटाए गए। साथ ही, कॉलेज चौराहा क्षेत्र के पास लगे लगभग 40 ऐड कियोस्क को भी हटाने की तैयारी की जा रही है।
गौरतलब है कि उक्त इलेक्ट्रिक पोल ऐड कियोस्क के लिए पूर्व में निविदा प्रक्रिया के माध्यम से अनुबंध किया गया था, जिसकी अवधि जुलाई माह में समाप्त हो चुकी थी। अनुबंध समाप्त होने के बाद ऐड कियोस्क स्वयं हटाने हेतु संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया गया था। निर्धारित समय-सीमा में कियोस्क न हटाए जाने पर नगर निगम ने कार्रवाई करते हुए उन्हें हटा दिया।
सूत्रों के अनुसार अवैध विज्ञापनों के खिलाफ नगर निगम नियमित रूप से कार्यवाही को अंजाम देगा। वहीं यह भी पता चला है कि शहर के अन्य तमाम हिस्सों में भी अवैध रूप से ऐड कियोस्क लगे हुए हैं।