Rewa News: रीवा में 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' पदयात्रा में सीएम बोले- अगले वर्ष तक अंचल में पहुंचेगा मां नर्मदा का जल
सत्ता को जागीर समझकर कांग्रेस ने बार-बार किया संविधान का अपमान: डॉ. मोहन यादव
मतदाता सूची शुद्धिकरण, विकास और संवैधानिक संस्थाओं पर नेताओं ने रखे विचार
जनता को नारे नहीं जवाब और आरोप नहीं प्रमाण चाहिए: निमूबेन बांभनिया
भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत से दुनिया का ध्यान आकर्षित हुआ: राजेन्द्र शुक्ल
रीवा। रीवा में शनिवार को आयोजित 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' अभियान के अंतर्गत विशाल पदयात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केंद्रीय मंत्री निमूबेन बांभनिया और उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने सहभागिता कर संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता को अपनी जागीर समझकर लोकतंत्र और संविधान का बार-बार अपमान किया है। यह देश के लोकतंत्र की खूबसूरती है कि एक गरीब व्यक्ति भी सर्वोच्च पद तक पहुंच सकता है।
उन्होंने कहा कि देश में आपातकाल लगाकर लोकतंत्र का गला घोंटने वाली कांग्रेस अब संविधान और चुनाव आयोग पर सवाल उठा रही है। लोकतंत्र की मजबूती और निष्पक्ष चुनाव के लिए शुद्ध मतदाता सूची आवश्यक है तथा एसआईआर के जरिए मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य किया जा रहा है, जिसका कांग्रेस विरोध कर रही है।
अनुच्छेद 370 हटाकर मजबूत की देश की एकता

डॉ. मोहन यादव ने आगे कहा कि आज पूरी दुनिया भारत की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान और प्रतिष्ठा वैश्विक स्तर पर बढ़ी है, लेकिन कांग्रेस और राहुल गांधी को यह उपलब्धि रास नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि आपातकाल लगाकर विपक्ष के नेताओं को जेल में डालना, चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करना और राजनीतिक स्वार्थों के लिए संविधान में बार-बार संशोधन करना कांग्रेस के इतिहास का हिस्सा है।
राम मंदिर निर्माण में बाधाएं खड़ी करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम ने वनवास के 11 वर्ष चित्रकूट में बिताए और मंदाकिनी का तट आध्यात्मिक व सांस्कृतिक विरासत का गौरव है। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान की मूल भावना को कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थों के लिए आघात पहुंचाया, जबकि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश की एकता और अखंडता को मजबूत किया।

अगले वर्ष तक रीवा अंचल पहुंचेगा मां नर्मदा का जल
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की असली ताकत जनता का एक वोट है, जो गरीब व्यक्ति को भी प्रधानमंत्री बनाने की शक्ति रखता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में 80 करोड़ लोगों को नि:शुल्क खाद्यान्न, गरीबों को प्रधानमंत्री आवास, महिलाओं को उज्ज्वला योजना और प्रदेश में लाड़ली बहना योजना का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस शासनकाल के दौरान लगभग 11 हजार रुपये रही प्रति व्यक्ति आय अब बढ़कर लगभग 1 लाख 70 हजार रुपये हो गई है और बिजली उत्पादन 5 हजार मेगावाट से बढ़कर लगभग 30 हजार मेगावाट पहुंच गया है। अगले वर्ष तक रीवा अंचल में मां नर्मदा का जल पहुंचाने का लक्ष्य है तथा सरकार हर खेत तक पानी और हर घर तक पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

भाजपा ने सत्ता को सदैव सेवा का माध्यम माना है और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के आदर्शों पर चलते हुए कार्यकर्ता सेवा और राष्ट्र सम्मान के लिए समर्पित हैं, जबकि कांग्रेस नेता कुर्सी की चिंता करते हैं। उन्होंने बांग्लादेश और पाकिस्तान के हालात का उदाहरण देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था कमजोर होने की कीमत चुकानी पड़ती है और लोकतंत्र, सम्मान तथा एकता के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए।
हारने पर संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाती है कांग्रेस

केंद्रीय मंत्री निमूबेन बांभनिया ने कहा कि कांग्रेस लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और संवैधानिक संस्थाओं को लेकर दोहरे मापदंड अपनाती आई है। चुनाव जीतने पर व्यवस्था सही बताई जाती है और हारने पर चुनाव आयोग व संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाए जाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता राहुल गांधी और सोनिया गांधी से पूछना चाहती है कि मतदाता सूची पुनरीक्षण पहले भी कई बार हो चुका है, तो अब एसआईआर यानी विशेष गहन पुनरीक्षण पर आपत्ति क्यों है।
यह मतदाता सूची के शुद्धिकरण की नियमित और पारदर्शी प्रक्रिया है, जिसका उद्देश्य किसी का अधिकार छीनना नहीं बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक का मताधिकार सुनिश्चित करना और सूची को त्रुटिरहित बनाना है, ताकि पात्र मतदाता का नाम उसी क्षेत्र में दर्ज हो जहां वह नियमानुसार निवास करता है। राहुल गांधी को भ्रम फैलाने के बजाय तथ्यों के साथ बात रखनी चाहिए, क्योंकि जनता को नारे नहीं जवाब और आरोप नहीं प्रमाण चाहिए।
अधिनियम के बहिष्कार से मानसिकता उजागर
निमूबेन बांभनिया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है तथा सबका साथ, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र से अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक लाभ पहुंचाया जा रहा है।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम से महिलाओं को राजनीति में प्रतिनिधित्व और भागीदारी देने की पहल की गई, लेकिन कांग्रेस ने संसद में विरोध और बहिष्कार का रास्ता अपनाकर अपनी महिला विरोधी मानसिकता उजागर की। उन्होंने संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने, लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का सम्मान करने और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
आर्थिक ताकत से आकर्षित हुआ दुनिया का ध्यान

उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आर्थिक प्रगति करते हुए विश्व की प्रमुख शक्तियों में पहचान मजबूत कर रहा है और बढ़ती आर्थिक ताकत व विकास गति से दुनिया का ध्यान आकर्षित हुआ है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस भ्रम और सवाल खड़े कर युवाओं को गुमराह कर रही है तथा लगातार चुनाव हारने के बाद लोकतांत्रिक संस्थाओं और मतदाता सूची पुनरीक्षण पर सवाल उठाकर लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री के प्रति विरोध प्रदर्शनों में प्रयुक्त भाषा को उन्होंने लोकतांत्रिक और सांस्कृतिक मर्यादाओं के विपरीत बताया।

उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति से विदेशी शक्तियों को चिंता हो सकती है, लेकिन देश के नागरिकों का तरक्की न चाहना दुर्भाग्यपूर्ण है। इंदौर, जबलपुर और भोपाल सहित देशभर में आयोजित पदयात्राओं का उद्देश्य जनता को जागरूक करना और विकास व लोकतंत्र की मजबूती के लिए जनसमर्थन जुटाना है।

पदयात्रा में प्रदेश शासन की मंत्री प्रतिमा बागरी, राधा सिंह, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक गिरीश गौतम, संभाग प्रभारी विजय दुबे, सांसद जनार्दन मिश्रा, गणेश सिंह, राजेश मिश्रा, जिला अध्यक्ष वीरेन्द्र गुप्ता, मऊगंज जिला अध्यक्ष डॉ. राजेन्द्र मिश्रा, विधायक नागेन्द्र सिंह, नरेन्द्र प्रजापति, सिद्धार्थ तिवारी सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन शामिल हुए।
